कारोबारी के साथ बड़ी धोखाधड़ी: फर्जी दस्तावेज दिखाकर हड़पे 15 लाख, पुलिस ने एक आरोपी को भेजा जेल

गोरखपुर|1 घंटा पहले
फर्जी दस्तावेज दिखाकर हड़पे 15 लाख, पुलिस ने एक आरोपी को भेजा जेल

शाहपुर थाना क्षेत्र में फर्जी आधार कार्ड के जरिए कारोबारी से 15 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है। उसके दो अन्य साथियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने खुद को बड़ा कारोबारी बताकर भरोसा जीता और फिर योजनाबद्ध तरीके से रकम हड़प ली।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलरिया थाना क्षेत्र के सेमरा नंबर-2 निवासी बेचू चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह मूल रूप से कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र स्थित मोरवन गांव का रहने वाला है। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

पुराने परिचय का उठाया फायदा

जानकारी के मुताबिक राप्तीनगर निवासी कारोबारी श्रीकृष्ण सिंह बघेल की पहचान पहले से विनय कुमार शाही नामक व्यक्ति से थी। बताया गया कि विनय पहले भी उनसे करीब 16 लाख रुपये उधार ले चुका था। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए उसने दोबारा अपने एक कथित कारोबारी मित्र के नुकसान का हवाला देकर आर्थिक मदद मांगी। विनय ने बेचू चौधरी को बड़े बिजनेसमैन के रूप में श्रीकृष्ण से मिलवाया और भरोसा दिलाने के लिए एक आधार कार्ड भी दिखाया। आरोपियों की बातों में आकर पीड़ित ने अपनी पत्नी के बैंक खाते से तीन अलग-अलग चेक के जरिए कुल 15 लाख रुपये दे दिए।

जांच में खुला फर्जीवाड़े का राज

कुछ समय बाद जब कारोबारी ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी मुकर गए और पहचानने से भी इनकार कर दिया। शक होने पर पीड़ित ने दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच कराई, जिसमें पता चला कि दिखाया गया आधार कार्ड फर्जी था और रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई थी। धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने शाहपुर थाने में केस दर्ज कराया। क्षेत्राधिकारी रवि सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा बैंक खातों की डिटेल खंगाली जा रही है। मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।