सीएम ने कहा- पुलिस भर्ती, ट्रेनिंग और सुविधाओं से बेहतर हुआ सुरक्षा माहौल: 9 वर्षों में 2 लाख से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती, सुरक्षा में सेंध लगाने वालों पर होगी कार्रवाई

गोरखपुर जिले में प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस तंत्र को सशक्त करने की दिशा में सरकार के प्रयासों का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। इसी कड़ी में गुरुवार को योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बनाए गए दो आधुनिक सुरक्षा भवनों का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि समय पर पुलिस भर्ती, बेहतर ट्रेनिंग और आधुनिक सुविधाओं के विकास से प्रदेश में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है, जो सुशासन की सबसे बड़ी आधारशिला है।
मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बनाए गए दो अत्याधुनिक सुरक्षा भवनों के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भवनों का लोकार्पण कर निरीक्षण भी किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा के लिए बने आधुनिक भवन
नवनिर्मित सुरक्षा भवनों में मंदिर सुरक्षा से जुड़े अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय, कंट्रोल रूम, पुलिस स्टोर रूम तथा मेंटिनेंस वर्कशॉप जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इन भवनों के निर्माण पर 9.18 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आधुनिक ढांचे से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा और मजबूत होगी।
9 वर्षों में 2.19 लाख से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में जब उनकी सरकार बनी, तब पुलिस विभाग में बड़ी संख्या में पद रिक्त थे। बीते नौ वर्षों में 2 लाख 19 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती की गई है। उन्होंने कहा कि पहले पुलिस प्रशिक्षण की क्षमता एक समय में करीब 3 हजार तक सीमित थी, लेकिन अब अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार के चलते एक समय में 60 हजार तक पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इससे पुलिस बल अधिक दक्ष और सक्षम बना है।
पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर आवास और सुविधाएं
सीएम योगी ने कहा कि पहले थानों, चौकियों और पुलिस लाइनों में पुलिसकर्मियों के लिए पर्याप्त आवासीय सुविधाएं नहीं थीं। उन्हें किराए के मकानों में रहना पड़ता था, जिससे कई तरह की समस्याएं उत्पन्न होती थीं। उन्होंने कहा कि अब सरकार ने हर पुलिस लाइन में आवासीय सुविधाएं, बैरक और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं, जिससे पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिल रहा है।
अब अपराधियों के लिए नहीं बचने का मौका
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले थानों में बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण कई बार अपराधी पुलिस की पकड़ से बच निकलते थे। लेकिन अब थानों में आवश्यक संसाधन और सुरक्षा इंतजाम उपलब्ध हैं, जिससे अपराधियों के भागने की संभावना खत्म हो गई है। उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्रवाई करेगी और उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी, एडीजी गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन, एडीजी सुरक्षा तरुण गाबा सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि सरकार इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।











