कैंपियरगंज में पुरानी रंजिश में युवक पर तानी पिस्तौल: पुरानी रंजिश में युवक पर तानी पिस्तौल ग्रामीणों ने दो आरोपियों को दबोचा पांच दिन पहले हुआ था विवाद

कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के राखूखोर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर शुक्रवार शाम तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि दो युवक बाइक से गांव पहुंचे और विवाद के दौरान एक युवक पर पिस्तौल तान दी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया, उनके कब्जे से पिस्तौल छीन ली और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हथियार कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पांच दिन पहले गांव की एक किशोरी से कथित छेड़खानी को लेकर राखूखोर निवासी रिक्की चौधरी और बबलू चौधरी का गुरम निवासी दीपांकर सिंह तथा फरदहनी निवासी प्रांजल दुबे से स्कूल के पास विवाद और मारपीट हुई थी। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी। शुक्रवार शाम दोनों युवक बाइक से राखूखोर गांव पहुंचे, जहां चाय की दुकान पर फिर कहासुनी शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दीपांकर ने कमर से पिस्तौल निकालकर रिक्की के सीने पर तान दी और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को पकड़ लिया।
हथियार की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज अनुराग सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। बरामद पिस्तौल की भी जांच कराई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कम उम्र के युवकों तक हथियार कैसे पहुंचा। मामले में साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










