गोरखपुर में कार का कहर: पहले हादसे के बाद भागते समय दूसरे को मारी टक्कर, तीन लोग गंभीर घायल

ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में गुरुवार को महज 500 मीटर की दूरी के भीतर हुए दो सड़क हादसों से दहशत मच गई। दोनों दुर्घटनाओं में दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारों का दावा है कि दोनों हादसे एक ही सफेद रंग की कार से हुए। आरोप है कि पहली टक्कर के बाद चालक मौके से तेज रफ्तार में भाग निकला और कुछ ही मिनट बाद दूसरी जगह एक स्कूटी सवार को भी अपनी चपेट में लेकर फरार हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पहला हादसा ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे के पास हुआ। छोटे काजीपुर निवासी उमेश प्रसाद पांडेय अपनी पत्नी ज्योति पांडेय के साथ बाइक से मेहलावां गांव जा रहे थे। रास्ते में पेट्रोल भरवाने के लिए जैसे ही उन्होंने बाइक पेट्रोल पंप की ओर मोड़ी, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही सफेद रंग की कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे में उमेश प्रसाद पांडेय के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। वहीं, ज्योति पांडेय का कंधा उखड़ गया और उनके पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
भागते समय स्कूटी सवार को भी बनाया शिकार
जानकारी के अनुसार, पहली दुर्घटना के बाद चालक कार की रफ्तार बढ़ाकर मौके से भाग निकला। करीब 500 मीटर आगे ट्रांसपोर्ट नगर के नए छह लेन फ्लाईओवर पर उसी कार ने जगन दौदपुर निवासी 28 वर्षीय गौरव दुबे की स्कूटी में भी जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही गौरव सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक की तलाश जारी
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि गौरव दुबे का बायां पैर टूट गया है। इसके अलावा उनके शरीर पर भी कई गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर रखे हुए हैं। जानकारों का कहना है कि दोनों दुर्घटनाओं में एक ही सफेद कार शामिल थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।











