गोरखपुर में कार का शीशा तोड़ पांच लाख उड़ाए: बारिश के कारण दुकान में रुके, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश

शाहपुर क्षेत्र में मार्बल कारोबारियों की कार का शीशा तोड़कर पांच लाख रुपये से भरा बैग चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना फातिमा अस्पताल के सामने हुई और पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी।
देवरिया के गौरीबाजार निवासी विवेक कुमार निगम और कुशीनगर के वार्ड संख्या-21 निवासी अजीत सिंह शाहपुर के शताब्दीपुरम में किराये के मकान में रहते हैं। दोनों पिछले सात वर्षों से फातिमा अस्पताल के सामने 'मकराना मार्बल' नाम से टाइल्स और मार्बल का कारोबार करते हैं। दोनों कारोबारी मोहद्दीपुर में एक व्यक्ति को पांच लाख रुपये देने गए थे। लेकिन उसके नहीं पहुंचने पर वे ओरियन मॉल में फिल्म देखने चले गए। फिल्म समाप्त होने के बाद दोनों अपनी कार से दुकान पहुंचे और वाहन बाहर खड़ा कर दुकान के भीतर चले गए। बारिश शुरू होने पर दोनों कुछ देर तक दुकान के अंदर ही रुक गए। इसी दौरान पैदल पहुंचे तीन बदमाशों ने कार का पिछला शीशा तोड़ दिया और उसमें रखा पांच लाख रुपये नकद, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड तथा अन्य जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
जांच कर रही पुलिस
बारिश थमने के बाद जब दोनों कारोबारी कार के पास पहुंचे तो शीशा टूटा हुआ मिला और बैग गायब था। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों के साथ खजांची चौराहा, मेडिकल कॉलेज और असुरन क्षेत्र तक बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सूचना पर सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह और शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में लेकर फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









