प्रभारी मंत्री बोले- बदल रहा है देश का विकास मॉडल: विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा, 12 साल में बदली शासन व्यवस्था की तस्वीर

गोरखपुर|13 जून 2026
विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा, 12 साल में बदली शासन व्यवस्था की तस्वीर

केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के सिंचाई एवं गोरखपुर के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से अधिक समय में देश ने विकास, सुशासन, पारदर्शिता और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। जिससे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण को शासन की प्राथमिकता बनाया गया। गरीब परिवारों को आवास, मुफ्त राशन, शौचालय, गैस कनेक्शन, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहीं है। उन्हें धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया गया।

तकनीक से बढ़ी पारदर्शिता, सीधे पहुंचा लाभ

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि डिजिटल तकनीक के व्यापक उपयोग से सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता आई है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में सीधे सहायता राशि पहुंचाई गई। जिससे भ्रष्टाचार और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन सुशासन की दिशा में बड़ा कदम साबित हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में करोड़ों परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 81 करोड़ से अधिक लोगों को निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ा देश

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार ने केवल कल्याणकारी योजनाओं पर ही नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया है। सर्जिकल स्ट्राइक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व मंच पर मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभरा है। उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आम परिवारों के बिजली खर्च में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रेस वार्ता के अंत में स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता के नए अध्याय लिख रहा है। आने वाले वर्षों में देश वैश्विक स्तर पर और अधिक सशक्त भूमिका निभाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।