पानी की टंकी में गिरने से मासूम की मौत: खेलते-खेलते टंकी के पास पहुंची बच्ची, अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई सांसें

गोरखपुर|2 घंटे पहले
खेलते-खेलते टंकी के पास पहुंची बच्ची, अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई सांसें

चौरीचौरा क्षेत्र के आमकोल गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय मासूम बच्ची की पानी की टंकी में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां कई बार बेसुध हो गई है। गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध नजर आए।

जानकारी के अनुसार आमकोल गांव निवासी सौरभ सिंह की दो वर्षीय पुत्री घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वह घर के पास स्थित पानी की टंकी के करीब पहुंच गई। बताया जा रहा है कि बच्ची टंकी के पास बनी संरचना पर चढ़ गई थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पानी से भरी टंकी में गिर गई। उस समय घर के अंदर मौजूद मां, पिता और दादी घरेलू कार्यों में व्यस्त थे। किसी को इस हादसे की भनक तक नहीं लगी।

काफी देर बाद शुरू हुई तलाश

कुछ समय बाद जब बच्ची घर के आसपास दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पहले घर और आसपास खोजबीन की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। इसी दौरान परिजनों की नजर ट्यूबवेल के पास बनी पानी की टंकी पर पड़ी। जब वहां जाकर देखा गया तो बच्ची गंभीर अवस्था में टंकी के भीतर मिली। यह दृश्य देखते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से जैसे ही मौत की खबर गांव पहुंची। परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और वह कई बार बेहोश हो गई। आसपास की महिलाएं उसे संभालती नजर आईं।

पूरे गांव में पसरा मातम

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में परिवार के घर पहुंच गए। हर किसी की आंखें नम थीं। ग्रामीणों का कहना था कि किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि खेलते-खेलते इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। बाद में परिजनों ने मासूम की बॉडी का अंतिम संस्कार गौरीघाट में किया। इस हादसे के बाद गांव में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले पानी के स्रोत और टंकियां अक्सर छोटे बच्चों के लिए खतरा बन जाती हैं। ऐसे स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम और निगरानी बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।