आज शहर को मिलेगी दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग की सौगात: सीएम योगी करेंगे करेंगे लोकार्पण, पांडेयहाता में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का होगा शिलान्यास

गोरखपुर|04 अप्रैल 2026
सीएम योगी करेंगे करेंगे लोकार्पण, पांडेयहाता में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का होगा शिलान्यास

शहर के व्यस्ततम इलाके घंटाघर को अब जाम से निजात मिलने वाली है। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर की दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण करेंगे। सीएम के निर्देश पर इसे एक कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया गया है जहां कुल 43 दुकानदारों को कारोबारी ठौर भी मिलेगा। उद्घाटन के मौके पर सीएम के हाथों घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण और विरासत गलियारा पांडेयहाता में बनने वाले नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन-शिलान्यास भी होगा।

1540 वर्गमीटर में बनी है मल्टीलेवल पार्किंग

शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र घंटाघर में आमजन के लिए सुगम आवागमन और व्यापारियों को सहज कारोबारी गतिविधियों को संचालित करने के लिए नगर निगम की ओर से शहीद बंधु सिंह पार्क में करीब 1540 वर्गमीटर क्षेत्रफल में ‘मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स’का निर्माण कराया गया है। इसके निर्माण पर 27.26 करोड़ रुपये की लागत आई है। कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में 26 कारों, द्वितीय तल पर 24 और छत पर 200 दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी। जबकि भूतल पर 21 तथा प्रथम तल पर 22 दुकानों और पुरुष/महिला शौचालय का निर्माण हुआ है। भूतल पर ही करीब 220 वर्गमीटर क्षेत्र में शीतला माता मंदिर अवस्थित रहेगा। कॉम्प्लेक्स में दोनों तरफ सीढ़ियों और दो लिफ्ट की व्यवस्था है। यह गोरखपुर शहर का दूसरा मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स होगा। गोलघर में एक मल्टीलेवल पार्किंग पहले से संचालित है।

बिहार और नेपाल के लोग भी आते हैं खरीददारी करने

घंटाघर इलाके में कारोबार और जीवन सुगमता के लिहाज से मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। घंटाघर क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख कारोबारी इलाकों में शुमार है। यहां न केवल गोरखपुर बल्कि आसपास के अन्य जिलों, बिहार और नेपाल के सीमाई इलाकों के लोग और कारोबारी खरीदारी करने आते हैं। पुरानी बसावट होने के कारण इस क्षेत्र की सड़कें ट्रैफिक लोड के हिसाब से संकरी थीं। हालांकि धर्मशाला बाजार से पाण्डेयहाता तक विरासत गलियारा का निर्माण पूर्ण होने के बाद सड़कें चौड़ी हो जाएंगी। सड़क चौड़ीकरण के साथ ही सीएम योगी के विजन से घंटाघर में जाम की समस्या के निजात के लिए मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया गया है। मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण से घंटाघर, माया बाजार, हिंदी बाजार आदि प्रमुख बाजारों में पार्किंग की समस्या दूर होगी। साथ ही, यहां लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।

सीएम योगी करेंगे करेंगे लोकार्पण, पांडेयहाता में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का होगा शिलान्यास

विरासत गलियारा में बनेगा कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स

योगी सरकार पांडेयहाता विरासत गलियारा में व्यापारियों के लिए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनवाने जा रही है। इसमें सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस कॉम्प्लेक्स के निर्माण पर 36.47 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था होगी जबकि भूतल से लेकर तृतीय तल मिलाकर कुल 65 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। रविवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे।

स्वतंत्रता आंदोलन की जुड़ी हैं यादें

महानगर के घंटाघर के साथ स्वतंत्रता आंदोलन की यादें जुड़ी हैं। आज जिस स्थान पर घंटाघर है, वहां देश के प्रथम स्वतंत्रता समर के दौरान एक विशाल पाकड़ का वृक्ष हुआ करता था। इसी वृक्ष पर आजादी की पहली लड़ाई में कई स्वतंत्रता सेनानियों को फांसी दी गई थी। 19 दिसंबर 1927 को काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायक पंडित रामप्रसाद बिस्मिल को जब गोरखपुर कारागार में फांसी दी गई थी तब उनकी शवयात्रा घंटाघर में आकर रुकी थी। तब बिस्मिल जी की माता ने यहां एक प्रेरक उद्बोधन दिया था। तभी से यह स्थान पंडित बिस्मिल को समर्पित हो गया।

सीएम योगी करेंगे करेंगे लोकार्पण, पांडेयहाता में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का होगा शिलान्यास

वर्ष 1930 में बनी थी घंटाघर की इमारत

मीनार की तरह ऊंची इमारत के रूप में घंटाघर के निर्माण का वर्ष 1930 में रायगंज के सेठ राम खेलावन और सेठ ठाकुर प्रसाद ने कराया था। इमारत पर घंटे वाली एक घड़ी लगाई गई जिसकी वजह से यह घंटाघर के नाम से प्रसिद्ध हो गई। आज यह स्वतंत्रता संग्राम और अमर बलिदानियों के जीवंत प्रतीक के रूप में महानगर की गौरवशाली विरासत है। इमारत के निचले हिस्से पर पंडित रामप्रसाद बिस्मिल के बलिदान की याद दिलाती चित्रकारी उकेरी गई है। इस विरासत के संरक्षण के लिए सीएम योगी की प्रेरणा से नगर निगम ने एक करोड़ रुपये व्यय कर सौंदर्यीकरण कराया है ताकि आने वाली पीढियां भी इस गौरवगाथा से परिचित हो सकें। सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण रविवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

50 कार एकसाथ होगी पार्क

विरासत के संरक्षण के प्रकल्प से लोगों को जोड़ने साथ सीएम योगी जीवन सुगमता और कारोबार सुगमता से संबंधित दो विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। घंटाघर में अमर बलिदानी बंधु सिंह पार्क में 27.26 करोड़ रुपये की लागत से महानगर की दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग बनाई गई है। इसे बंधु सिंह के ही नाम पर एक कॉम्प्लेक्स बिल्डिंग के रूप में विकसित किया गया है जिसमें 43 दुकानों का भी निर्माण हुआ है। इस कॉम्प्लेक्स में 50 कारों और 200 दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी। इस कॉम्प्लेक्स में भी विरासत को सहेजने के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े प्रसंग को दीवारों पर पेंटिंग के जरिये जीवंत किया गया है। इसके अलावा बंधु सिंह पार्क में पहले से अवस्थित रहे प्राचीन शीतला माता मंदिर को कॉम्प्लेक्स के भूतल पर व्यवस्थित किया गया है।

नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखेंगे

रविवार शाम को ही सीएम योगी विरासत गलियारा पांडेयहाता में 34.43 करोड़ रुपये की लागत वाले एक नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला भी रखेंगे। विरासत गलियारा सड़क चौड़ीकरण परियोजना में प्रभावित दुकानदारों के कारोबारी समायोजन के लिए इस कॉम्प्लेक्स को बनाने के निर्देश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम को दिए थे। इस कॉम्प्लेक्स के प्रथम भाग में 65 दुकानें बनेंगी जबकि बेसमेंट में 28 कारों की पार्किंग हो सकेंगी। जबकि द्वितीय भाग में बेसमेंट का निर्माण होगा जहां 54 कारों तथा 68 दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा है कि इस कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण के बाद विरासत गलियारा के प्रभावित दुकानदारों को यहां व्यवस्थित किया जाएगा। साथ ही पार्किंग की सुविधा से इस कारोबारी क्षेत्र में आवागमन में काफी सहूलियत हो जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।