गोरखपुर में CM देंगे 995 करोड़ की सौगात: सिक्सलेन फ्लाईओवर समेत 14 योजनाओं का तोहफा, इंटर-डिस्ट्रिक्ट कनेक्टिविटी होगी मजबूत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर को 995.29 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। वह 813.52 करोड़ रुपये लागत की चार परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 181.77 करोड़ रुपये की 10 नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर देवरिया बाईपास स्थित सिक्सलेन फ्लाईओवर के समीप जनसभा भी आयोजित होगी।
मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उनमें सबसे प्रमुख टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 429.49 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 2.6 किलोमीटर लंबा सिक्सलेन फ्लाईओवर है। देवरिया बाईपास तिराहे से जुड़ा यह फ्लाईओवर गोरखपुर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देगा। इसके चालू होने से लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, बिहार और नेपाल की ओर आने-जाने वाले वाहनों को जाम से राहत मिलेगी और अंतरजनपदीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इसी क्रम में पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक 277.77 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन चौड़ीकरण परियोजना का भी लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की 103.51 करोड़ रुपये की शिफ्टिंग परियोजना तथा थाना गुलरिहा में 48 क्षमता वाले हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष के निर्माण का भी उद्घाटन होगा।
महिला छात्रावास से साइंस म्यूजियम तक कई नई योजनाओं की शुरुआत
मुख्यमंत्री 181.77 करोड़ रुपये की 10 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें 47.38 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास, विश्वविद्यालय चौक के समीप 49.60 करोड़ रुपये का साइंस म्यूजियम तथा टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में 7.06 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रमुख हैं। इसके साथ ही नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट तक 73.64 करोड़ रुपये की लागत से अंडरपास और सर्विस रोड का निर्माण कराया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा।
शहर की कॉलोनियों में भी होंगे विकास कार्य
कार्यक्रम के दौरान राप्तीनगर डिपो कार्यशाला स्थित टायर शॉप के उच्चीकरण के साथ पवन विहार, गिरधरगंज, लच्छीपुर, नंदानगर दरगहिया और चंद्रशेखर आजाद नगर वार्डों में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया जाएगा। इन योजनाओं के जरिए शहर की आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत बनाने की तैयारी है।











