सीएम योगी बोले- भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल: भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग का किया शुभारंभ, कार्यकर्ताओं के जमा कराए मोबाइल

सहजनवां में रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया। यह प्रशिक्षण वर्ग दो दिवसीय 17 और 18 मई तक चलेगा। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। सभी कार्यकर्ताओं के मोबाइल बाहर ही जमा कराए गए। विधानसभा वार अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुकी है। पार्टी ने 50 वर्षों से कम समय में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आज केंद्र समेत 22 राज्यों में भाजपा की सरकार है। उन्होंने कहा, भाजपा हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानती है। पार्टी का मूल मंत्र राष्ट्र प्रथम है।
सीएम योगी ने संगठन की कार्यशैली पर जोर दिया है। उन्होंने कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान अलग होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं को दूसरे दलों की राजनीति से बचना होगा। उन्होंने कांग्रेस, सपा, बसपा, राजद, टीएमसी और डीएमके का भी जिक्र किया है। कहा, भाजपा कार्यकर्ता भारतीयता और राष्ट्रवाद को प्राथमिकता दें। संगठन के मूल्यों को जीवन में उतारना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने संगठन विस्तार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, भाजपा की असली ताकत बूथ स्तर पर है। हर कार्यकर्ता को बूथ मजबूत करना होगा। बेहतर समन्वय के साथ संगठन को आगे बढ़ाना होगा। भाजपा परिवार को और मजबूत बनाने की जरूरत है।
महिलाओं को सम्मान देने की कही बात
सीएम योगी ने महिला सशक्तिकरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार ने महिलाओं को सम्मान दिया है। तीन तलाक जैसी कुप्रथा पर रोक लगाई गई है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम भी लागू किया गया है। इसके जरिए संसद और विधानसभाओं में आरक्षण मिला है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, भाजपा ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को मजबूत किया है। डबल इंजन सरकार में भव्य राम मंदिर बना है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने को भी ऐतिहासिक बताया है। कहा, अब पूरे देश में समान व्यवस्था लागू है।
दीनदयाल उपाध्याय के सपनों का जिक्र
सीएम योगी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को याद किया। उन्होंने कहा, भाजपा अंतिम व्यक्ति तक योजनाएं पहुंचा रही है। शौचालय, आवास और स्वास्थ्य योजनाएं इसका उदाहरण हैं। सरकार गरीबों के जीवन में बदलाव ला रही है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा, भाजपा में परिवारवाद नहीं चलता है। यहां सामान्य कार्यकर्ता भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है। कार्यकर्ता मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक बन सकते हैं। सीएम योगी ने भाजपा के इतिहास का भी जिक्र किया है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद किया। कहा, उन्होंने कश्मीर में परमिट सिस्टम का विरोध किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को भी सराहा है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी का भी उल्लेख किया।
कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप
सीएम योगी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने शुरू से तुष्टिकरण की राजनीति की है। इसी कारण जनसंघ के गठन की जरूरत पड़ी। उन्होंने कहा, राष्ट्रीयता और मूल्यों की रक्षा के लिए जनसंघ बना था। बाद में यही संगठन भाजपा के रूप में आगे बढ़ा।











