गोरखपुर में छात्रा ने रची अपहरण की झूठी कहानी: भाई को भेजा मदद का संदेश, प्रेमी के साथ गोरखनाथ में की शादी

सहजनवा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा ने अपने प्रेमी के साथ घर छोड़ने के बाद अपहरण की झूठी कहानी रच दी। उसने भाई को मदद की गुहार वाला संदेश भेजकर परिवार और पुलिस को परेशान कर दिया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने सर्विलांस की मदद से छात्रा को रामगढ़ताल स्थित नौका विहार से सुरक्षित बरामद कर लिया। जांच में पता चला कि वह अपने किशोर प्रेमी के साथ गई थी और दोनों ने गोरखनाथ मंदिर में शादी भी कर ली थी।
सहजनवा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 11वीं की छात्रा रोज की तरह स्कूल के लिए निकली थी। लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंची। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच उसके भाई के मोबाइल पर एक संदेश आया, जिसमें लिखा था कि कुछ लड़के उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर कहीं ले जा रहे हैं और उसे बचा लिया जाए। इस संदेश के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया।
सर्विलांस से खुला राज
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच तेज कर दी। रात में और फिर गुरुवार सुबह छात्रा ने भाई को दोबारा संदेश भेजकर खुद को जंगल में होने और अनहोनी की आशंका जताई। इन संदेशों के आधार पर पुलिस ने सर्विलांस के जरिए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन रामगढ़ताल स्थित नौका विहार में मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो छात्रा सुरक्षित मिल गई। वहीं, उसके साथ मौजूद किशोर प्रेमी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया।
पूछताछ में सामने आई अपहरण की झूठी कहानी
थाने लाकर पूछताछ करने पर छात्रा ने बताया कि वह अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने भागने के दौरान गोरखनाथ मंदिर में शादी कर ली थी। पुलिस के अनुसार, अपहरण और अनहोनी की कहानी केवल परिवार और पुलिस को गुमराह करने तथा समय हासिल करने के उद्देश्य से बनाई गई थी। सीओ गीडा के.एन. आनंद ने बताया कि छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











