गोरखपुर में लालडिग्गी के पीछे बनेगा बड़ा कॉमर्शियल हब: 34 करोड़ की लागत से मिलेगी हाईटेक सौगात, ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर होंगी 40 दुकानें

गोरखपुर|
34 करोड़ की लागत से मिलेगी हाईटेक सौगात, ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर होंगी 40 दुकानें

शहर के बीचोंबीच लालडिग्गी पार्क के पीछे प्रस्तावित बहुउद्देश्यीय कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और बैंक्वेट हॉल का रास्ता साफ होने लगा है। नगर निगम ने परियोजना को जमीन पर उतारने की तैयारियां तेज कर दी हैं। करीब 34.47 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) अंतिम चरण में है, जबकि भवन का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार हो चुका है। डीपीआर को अंतिम मंजूरी मिलते ही निर्माण एजेंसी के माध्यम से काम शुरू कराया जाएगा। निर्माण से पहले परिसर में मौजूद पुराने भवन और पानी की टंकी को ध्वस्त कर जमीन को निर्माण के लिए तैयार किया जाएगा।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत विकसित होने वाली इस परियोजना में शासन के निर्देश पर बदलाव किया गया है। शुरुआती प्रस्ताव में मल्टीलेवल पार्किंग के साथ आवासीय भवन बनाने की योजना थी। संशोधित योजना में अब बैंक्वेट हॉल को भी शामिल किया गया है। करीब चार हजार वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाले इस आधुनिक कॉम्प्लेक्स के भूतल और प्रथम तल पर कुल 40 व्यावसायिक दुकानें विकसित की जाएंगी। दूसरे तल पर कार्यालयों के साथ फूड कोर्ट और पुस्तकालय की सुविधा होगी। सबसे ऊपरी तल पर अत्याधुनिक बैंक्वेट हॉल बनाया जाएगा।

स्टिल्ट पार्किंग से मिलेगी पार्किंग सुविधा

परिसर में स्टिल्ट पार्किंग की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। यानी भवन के भूतल पर खुली पार्किंग उपलब्ध रहेगी, जिससे दुकानदारों और आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने में सुविधा होगी। नगर निगम के मुताबिक परियोजना को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, ताकि एक ही परिसर में व्यापारिक गतिविधियों के साथ सामाजिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

निगम की आय का नया जरिया बनेगा प्रोजेक्ट

परियोजना से शहर की व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ नगर निगम की आय में भी इजाफा होगा। दुकानों और अन्य व्यावसायिक परिसरों से मिलने वाले राजस्व के अलावा बैंक्वेट हॉल के संचालन से नियमित आय का स्रोत तैयार होगा। वहीं, शहरवासियों को विवाह, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आधुनिक स्थल मिलेगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा के अनुसार डीपीआर अंतिम चरण में है और डिजाइन तैयार हो चुका है। अंतिम स्वीकृति मिलते ही पुराने भवन और पानी की टंकी हटाकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।