शारीरिक संबंध से इनकार पर भड़का दरोगा: विक्टिम को जान से मारने की दी धमकी, केस दर्ज

जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने पुलिस विभाग में तैनात सब-इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी दरोगा ने पहले शादी का झांसा देकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं और फिर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने लगा। जब युवती ने साफ इनकार कर दिया तो आरोपी ने अपने पद का रौब दिखाते हुए उसे धमकाना शुरू कर दिया। मामले में कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात करीब चार महीने पहले गोरखनाथ थाने में तैनात एसआई अंकित पांडेय से हुई थी। शुरुआत में आरोपी ने दोस्ती का व्यवहार किया और धीरे-धीरे बातचीत बढ़ाकर भरोसा जीत लिया। इसके बाद उसने युवती को शादी का प्रस्ताव दिया। इसी बहाने दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती को लगा कि रिश्ता गंभीर है लेकिन बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। यह जानकर वह हैरान रह गई और उसने दूरी बनाना शुरू कर दिया।
शारीरिक संबंध बनाने का दबाव और छेड़खानी
युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी दरोगा लगातार उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। वह उसे बाहर घुमाने के बहाने सुनसान जगहों पर ले जाने की कोशिश करता था। कई बार उसने उसकी मर्जी के खिलाफ छूने और अश्लील हरकत करने का प्रयास किया। पीड़िता हर बार इसका विरोध करती रही और साफ कहा कि वह शादी के बाद ही ऐसे संबंध बनाएगी। इसके बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार मानसिक दबाव बनाता रहा।
वर्दी का रौब दिखाकर दी धमकी
जब युवती ने पूरी तरह दूरी बना ली तो आरोपी का व्यवहार आक्रामक हो गया। उसने वर्दी और पद का डर दिखाकर युवती को धमकाना शुरू कर दिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसे गाली-गलौज की और यहां तक कहा कि अगर उसने किसी से शिकायत की तो उसे जान से मरवा देगा। आरोपी ने यह भी कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इन धमकियों से युवती काफी डर गई और मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।
पुलिस ने दर्ज किया केस
आखिरकार हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने कैंट थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एप्लीकेशन के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।











