क्रेन का पहिया सिर पर चढ़ने से मौत: निर्माण कार्य के दौरान गाड़ी से गिरा मजदूर, 25 मिनट बाद पहुंची पुलिस

खोराबार थाना क्षेत्र के सिक्टौर चौराहे पर निर्माण कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान शाहजहांपुर जिले के लखनपुर निवासी दिलीप के रूप में हुई है। वह गोरखपुर में रहकर मजदूरी करता था। सड़क निर्माण परियोजना में क्रेन की सहायता से मजदूर पाइप ढुलाई का कार्य कर रहा था। हादसे के दौरान वह चलती क्रेन से नीचे गिर गया और वाहन के पहिए की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सिक्टौर चौराहे के पास सड़क निर्माण से जुड़ा कार्य चल रहा था। इसी दौरान दिलीप क्रेन के माध्यम से पाइप ले जाने के काम में लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि किसी कारणवश उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती गाड़ी से नीचे गिर पड़ा। इससे पहले कि वह संभल पाता, क्रेन का अगला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी खोपड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। लोगों ने राहत कार्य का प्रयास किया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पुलिस की देरी को लेकर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस घटनास्थल पर लगभग 25 मिनट बाद पहुंची। लोगों का कहना है कि दुर्घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी स्थित है। इसके बावजूद समय पर पुलिस नहीं पहुंच सकी। इसको लेकर मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। हालांकि बाद में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
जांच में जुटी पुलिस
खोराबार पुलिस के अनुसार बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर इसे कार्यस्थल पर हुआ दुर्घटनाजनित हादसा माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि सभी आवश्यक विधिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।











