गोरखपुर में लगेगी क्रिकेट की पाठशाला: चामिंडा वास, वसीम जाफर और ज्वाला सिंह से ककहरा सीखेंगे बच्चे, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की तैयारी का मिलेगा मौका

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का सपना देखने वाले बच्चों को बड़ी सौगात मिलने वाली है। शहर में एक हफ्ते तक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें अंतराष्ट्रीय मैचों में अपनी धाक जमा चुके खिलाड़ी क्रिकेट का ककहरा सीख रहे बच्चों को बैटिंग, बालिंग और फील्डिंग के गुर सिखाएंगे। आने वाले 19 से 26 मार्च तक शहर के प्रकाश क्रिकेट स्टेडियम में शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें चामिंडा वास, वसीम जाफर और ज्वाला सिंह जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का सानिध्य बच्चों को प्राप्त होगा।
एक हफ्ते तक चलेगा कैंप
प्रकाश क्रिकेट स्टेडियम के संरक्षक और कोच राकेश कुमार ने कि गर्मी की छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए 19 से 26 मार्च के बीच विशेष समर कैम्प का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन मुम्बई क्रिकेट क्लब (MCC) और ज्वाला फाउंडेशन की तरफ से किया जा रहा है। कैम्प में पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर और वर्तमान में श्रीलंका क्रिकेट टीम के कोच चामिंडा वास, भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर, मुम्बई रणजी टीम के पूर्व कोच विनायक सावंत और वर्तमान में भारतीय टीम में खेल रहे कई खिलाड़ियों को निखारने वाले गोरखपुर के कोच ज्वाला सिंह प्रशिक्षण देंगे।
अंडर-14 से 19 तक के बच्चे ले सकेंगे हिस्सा
कोच राकेश कुमार ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने के लिए बच्चों को WWW.MCCCRICKET.COM पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसमें बालक व बालिका दोनों के प्रशिक्षण का इंतजाम होगा। उन्होंने बताया कि इस कैंप में बच्चों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बारिकियां, चयन की तैयारियां और फिटनेस जैसी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। कैंप में अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 आयु वर्ग के क्रिकेट खिलाड़ी हिस्सा ले सकेगें।
पूर्वांचल के खिलाड़ियों के लिए वरदान होगा कैंप
पूर्व क्रिकेटर डॉ. विनय कुमार सक्सेना ने बताया कि गोरखपुर समेत पूरे पूर्वांचल में इस प्रकार का शिविर पहली बार लगाया जा रहा है, जिसमें बड़े अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी और फेमस कोच हिस्सा ले रहे हैं। इस शिविर से पूर्वांचल के होनहार बच्चों को क्रिकेट की वो बारिकियां सीखने को मिलेंगी जो दिल्ली, मुम्बई जैसे महानगरों में सीखने को मिलती हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










