पुलिस की वर्दी पहनकर जालसाज ने लूटे 9.50 लाख: 'आरसी अर्नामेंट' के कर्मचारी को बनाया निशाना, GST पेपर मांगकर डराया

सिटी के व्यस्ततम इलाके घंटाघर में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई लूट की घटना के बाद हड़कंप मच गया। आनन- फानन में पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो होश उड़ गए। जालसाज ने पुलिस की वर्दी पहनकर 9.50 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। ज्वेलरी कारोबारी के कर्मचारी से जालसाज ने पुलिसिया धौंस दिखाकर नकदी से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गया।
पीपीगंज निवासी व्यापारी बलिराम जायसवाल की घंटाघर में 'आरसी आर्नामेंट' नाम से आभूषणों की दुकान है। शुक्रवार सुबह करीब 11:15 बजे उनका कर्मचारी संजय पाल 9.50 लाख रुपये नकद लेकर गीता प्रेस रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में जमा करने जा रहा था। इसी दौरान मुंबई क्लॉथ हाउस (कालीबाड़ी मंदिर के पास) पहुंचते ही पुलिस की वर्दी की पैंट और जैकेट पहने एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रोक लिया। आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कर्मचारी को धमकाया और बैग छीन लिया।
जीएसटी के पेपर लाओ तभी पैसा मिलेगा
जालसाज ने कहा कि 'जीएसटी के कागज लेकर आओ, तभी पैसा मिलेगा।' घबराया कर्मचारी तत्काल दुकान लौट आया और मालिक को घटना की जानकारी दी। जब तक व्यापारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, आरोपी वहां से फरार हो चुका था। घटना के बाद व्यापारी बलिराम जायसवाल ने कोतवाली थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
लूटकांड से व्यापारियों में रोष
दिनदहाड़े हुए इस लूटकांड से स्थानीय व्यापारियों में रोष है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। व्यापारियों ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने, इलाके के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच करने और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लूटी गई रकम बरामद करने की मांग की है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










