निर्माणाधीन फ्लाईओवर से गिरी कंक्रीट: हादसे में छह लोग घायल, कई वाहन हुए क्षतिग्रस्त

शहर के पादरी बाजार चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर से कंक्रीट का हिस्सा अचानक नीचे गिर गया। हादसे में स्कूटी सवार तीन युवकों समेत करीब छह राहगीर घायल हो गए। वहीं, कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी और जाम की स्थिति बन गई। नाराज लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार फ्लाईओवर की छत की ढलाई का हिस्सा अचानक सड़क पर आ गिरा। हादसे में पादरी बाजार निवासी निखिल यादव, मोहनापुर निवासी विनय गौतम और शुभांकर समेत करीब छह लोग घायल हो गए। कंक्रीट और गिट्टी गिरने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
विरोध पर बदसलूकी का आरोप
राहगीरों का आरोप है कि हादसे के बाद जब उन्होंने निर्माण कार्य देख रहे आरएमसी फर्म के कर्मचारियों से शिकायत की तो वहां मौजूद मुंशी और मजदूरों ने उनके साथ बदसलूकी की। इससे नाराज लोगों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर शाहपुर थाना पुलिस पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
पुलिस ने सड़क पर फैला मलबा और गिट्टी हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे में घायल लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं। उनका आरोप है कि लापरवाही के कारण राहगीरों की जान लगातार जोखिम में पड़ रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









