सीयूईटी-यूजी परीक्षा में तकनीकी बाधा से हंगामा: सुबह से केंद्र पर पहुंचे थे अभ्यर्थी, घंटों इंतजार के बाद फूटा छात्रों का गुस्सा

गोरखपुर|10 घंटे पहले
सुबह से केंद्र पर पहुंचे थे अभ्यर्थी, घंटों इंतजार के बाद फूटा छात्रों का गुस्सा

देश की प्रमुख प्रवेश परीक्षा 'सीयूईटी-यूजी 2026' के दौरान शनिवार को शहर के एक परीक्षा केंद्र पर तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जंगल धुसड़ स्थित परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू न होने से सैकड़ों छात्र-छात्राओं का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने केंद्र प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। कई घंटों तक परीक्षा शुरू नहीं होने के कारण केंद्र परिसर में अफरा-तफरी और असमंजस की स्थिति बनी रही। वहीं परीक्षा प्रबंधन ने तकनीकी समस्या का हवाला दिया। छात्रों से सहयोग की अपील की और अतिरिक्त समय देने का आश्वासन दिया।

सीयूईटी-यूजी परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्षों में बैठा दिया गया। हालांकि तय समय गुजरने के बाद भी परीक्षा शुरू नहीं हो सकी। शुरुआत में छात्रों को उम्मीद थी कि कुछ देर में प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। समय बीतने के साथ उनकी चिंता बढ़ती चली गई। अभ्यर्थियों का आरोप था कि उन्हें परीक्षा शुरू होने के समय और देरी के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी। इससे परीक्षा कक्षों में बैठे छात्रों के बीच बेचैनी और असंतोष बढ़ता गया।

अभ्यर्थियों को दिया जाएगा अतिरिक्त समय

परीक्षा केंद्र प्रशासन की ओर से बाद में एक नोटिस जारी किया। बताया गया कि तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो पा रही है। नोटिस में कहा गया कि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम समस्या को दूर करने में जुटी हुई है। जैसे ही सिस्टम पूरी तरह सामान्य होगा, परीक्षा शुरू करा दी जाएगी। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया कि परीक्षा में हुई देरी की भरपाई के लिए अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा।

नाराज छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन

काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद परीक्षा शुरू न होने पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने केंद्र प्रशासन से जवाब मांगते हुए विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना था कि देश की महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षा के आयोजन में इस तरह की तकनीकी खामियां गंभीर लापरवाही को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि महीनों की तैयारी के बाद परीक्षा देने पहुंचे छात्रों को अनावश्यक तनाव और असुविधा का सामना करना पड़ा।

अभिभावक भी रहे परेशान

परीक्षा केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों का इंतजार कर रहे थे। परीक्षा में लगातार हो रही देरी की सूचना मिलने के बाद उनकी चिंता भी बढ़ गई। कई अभिभावक केंद्र प्रशासन से जानकारी लेने का प्रयास करते रहे। लेकिन लंबे समय तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। इससे केंद्र के बाहर भी असमंजस का माहौल बना रहा।

परीक्षा एजेंसी ने जताया खेद

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से सूचना जारी की। सूचना में कहा गया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी तकनीकी प्रक्रियाओं को पूरी तरह दुरुस्त किया जा रहा है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि तकनीकी समस्या दूर होने के बाद ही परीक्षा शुरू कराई जाएगी। किसी भी अभ्यर्थी का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की अपील की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।