ज्वेलर्स की दुकान पर दिनदहाड़े लूट: 18 साल की बेटी ने दिखाई बहादुरी; 100 मीटर तक दौड़ाकर बदमाशों को पकड़ा

गोरखपुर|28 अप्रैल 2026
18 साल की बेटी ने दिखाई बहादुरी; 100 मीटर तक दौड़ाकर बदमाशों को पकड़ा

शहर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप पर लूट की घटना सामने आई है। दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में घुसे। मौका मिलते ही करीब 20 ग्राम सोना लेकर भागने लगे। लेकिन दुकान पर बैठी 18 साल की युवती ने जबरदस्त हिम्मत दिखाई। उसने बदमाशों का पीछा किया। करीब 100 मीटर तक दौड़ी। एक आरोपी को पकड़कर गिरा भी दिया। हालांकि हाथापाई के दौरान उसे चोट लगी और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

घटना गोला उपनगर के वार्ड नंबर-17 की है। यहां देवांश स्वर्णकला केंद्र नाम से ज्वेलरी शॉप है। दुकान मालिक राकेश वर्मा उस समय बाहर गए हुए थे। उनकी गैरमौजूदगी में उनकी बेटी अमृता वर्मा दुकान संभाल रही थी। दोपहर करीब 2:20 बजे दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में आए। पहले उन्होंने चांदी की अंगूठी दिखाने को कहा। कुछ देर बातचीत के बाद अंगूठी वापस रखवा दी। फिर कान के झाले दिखाने की मांग की। अमृता ने शुरुआत में मना किया। लेकिन युवकों ने बार-बार आग्रह किया। नकद भुगतान की बात कही। इसके बाद जैसे ही अमृता ने झाले दिखाए, एक युवक ने अचानक झपट्टा मार दिया। वह 4-5 जोड़ी सोने के झाले लेकर भागने लगा।

100 मीटर तक पीछा

जैसे ही आरोपी भागे, अमृता भी उनके पीछे दौड़ पड़ी। उसने हिम्मत नहीं हारी। करीब 100 मीटर तक लगातार पीछा किया। इसी दौरान उसने एक आरोपी को पकड़ लिया। उसे जमीन पर गिरा दिया। दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। अमृता लगातार चिल्लाती रही। आसपास के लोग भी ध्यान देने लगे। लेकिन आरोपी ने खुद को छुड़ाया। उसने अमृता को धक्का दिया। इस दौरान युवती जमीन पर गिर गई और उसके हाथ में चोट लग गई। इसके बावजूद बदमाश भागने में सफल रहे।

सीसीटीवी में कैद फुटेज

घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों युवक भाग रहे हैं और एक लड़की उनका पीछा कर रही है। एक आरोपी को वह पकड़कर गिरा देती है। फिर दोनों में संघर्ष होता है। बाद में आरोपी छूटकर भाग जाता है। बताया जा रहा है कि सरया सब्जी मंडी के पास उनका एक साथी बाइक लेकर खड़ा था। दोनों आरोपी उसी बाइक से फरार हो गए।

करीब ढाई लाख का नुकसान

दुकान मालिक राकेश वर्मा ने बताया कि लूटे गए सोने की कीमत करीब 2.5 लाख रुपए है। वह उस समय अपनी बेटी की सगाई के कार्ड बांटने गए थे। घर में चार बेटियां हैं। छोटी बेटी अमृता दुकान संभाल रही थी। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है।

युवती बोली- मेहनत की कमाई बचाने के लिए लड़ी

अमृता ने बताया कि यह सामान उनकी मेहनत का है। इसलिए उसने बिना डरे मुकाबला किया। उसने कहा कि बदमाशों ने उसे धक्का दिया, जिससे उसकी उंगली में चोट आई। लेकिन उसने हिम्मत नहीं छोड़ी। पास के डॉक्टर ने बताया कि युवती को मामूली चोट आई है। इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। एसपी साउथ दिनेश कुमार ने बताया कि मामला सही पाया गया है। विक्टिम की एप्लीकेशन पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।