DDU में छात्र नेता और कर्मचारी के बीच विवाद: थप्पड़बाजी के बाद कर्मचारियों का प्रदर्शन, मार्कशीट में अंक दर्ज न होने से विवाद शुरू

गोरखपुर|1 घंटा पहले
थप्पड़बाजी के बाद कर्मचारियों का प्रदर्शन, मार्कशीट में अंक दर्ज न होने से विवाद शुरू

डीडीयू गोरखपुर यूनिवर्सिटी में परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में एक छात्र और कर्मचारी के बीच शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। मार्कशीट में अंक दर्ज न होने की शिकायत को लेकर पहुंचे छात्र के समर्थन में आए एक छात्र नेता ने कथित तौर पर कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई की स्थिति बन गई। घटना से नाराज यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों ने कामकाज का बहिष्कार कर दिया। विभिन्न विभागों को बंद कराते हुए कुलपति कार्यालय का घेराव किया। घटना के बाद परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार बीएससी एग्रीकल्चर चतुर्थ वर्ष के एक छात्र की मार्कशीट में एक विषय के अंक दर्ज नहीं हुए थे। छात्र लंबे समय से इस त्रुटि को ठीक कराने के लिए यूनिवर्सिटी के चक्कर लगा रहा था। उसका आरोप था कि सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। वहीं संबंधित कर्मचारी का कहना था कि वह आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर फाइल को आगे भेज चुका था। मामले में उसकी ओर से कोई लापरवाही नहीं बरती गई थी।

बहस के बाद बढ़ा विवाद

छात्र अपने समर्थन में एक छात्र संगठन के पदाधिकारी को लेकर परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंचा। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि छात्र नेता ने कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और हाथापाई की नौबत आ गई। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।

कर्मचारियों ने उठाई सुरक्षा की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही यूनिवर्सिटी के कर्मचारी एकजुट हो गए। उन्होंने विभिन्न कार्यालयों का कामकाज बंद कर कुलपति कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। उनका आरोप था कि परीक्षा विभाग के कर्मचारी के साथ मारपीट की गई। बाद में उसी पर समझौते का दबाव बनाया गया। इस दौरान संयुक्त कर्मचारी संघर्ष समिति के पदाधिकारी और कर्मचारी नेता भी मौजूद रहे। समिति ने कर्मचारियों की बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय की। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए मामला शांत हो गया। यूनिवर्सिटी प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगा है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।