गीता प्रेस चेयरमैन केशोराम अग्रवाल का हुआ निधन: कोलकाता में हुआ अंतिम संस्कार, धार्मिक जगत में शोक की लहर

गीता प्रेस के चेयरमैन केशोराम अग्रवाल का 97 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने मंगलवार को कोलकाता में सुबह सात बजकर 22 मिनट पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से गीता प्रेस परिवार, धार्मिक जगत और समाज के विभिन्न वर्गों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके महाप्रयाण को सनातन परंपरा और धार्मिक मूल्यों के संरक्षण से जुड़े क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
गीता प्रेस के मैनेजर डॉ. लालमणि तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि केशोराम अग्रवाल का पूरा जीवन धर्म और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित रहा। वे गीता प्रेस के संस्थापक ब्रह्मलीन सेठ जयदयाल गोयंका तथा ब्रह्मलीन स्वामीजी रामसुख दासजी महाराज के विशेष कृपाभाजन थे। उनके सान्निध्य और मार्गदर्शन ने उनके जीवन को आध्यात्मिक ऊंचाइयों तक पहुंचाया। अपने सरल, सौम्य और धार्मिक व्यक्तित्व के कारण वे समाज के विभिन्न वर्गों में अत्यंत सम्मानित थे। उनके निधन के बाद पार्थिव शरीर को गोविन्द भवन कार्यालय ले जाया गया। जहां सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इसके बाद कोलकाता के केवड़ातल्ला महाश्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
लंबे समय तक निभाई अहम भूमिका
गीता प्रेस गोरखपुर के ट्रस्ट बोर्ड अध्यक्ष के रूप में उन्होंने लंबे समय तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजस्थान के कोटा के मूल निवासी केशोराम अग्रवाल सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और संस्था के सुचारू संचालन में सक्रिय रूप से जुड़े रहे। उनके निधन से श्रद्धालुओं, शुभचिंतकों और सामाजिक संगठनों में गहरा शोक व्याप्त है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









