गोरखपुर में फोरलेन किनारे मिला बुजुर्ग का शव: सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस, दो घंटे बाद शुरू हुई कार्रवाई

गगहा क्षेत्र के कौड़ीराम फोरलेन बाईपास पर गुरुवार सुबह अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हवेली होटल से करीब 50 मीटर पूर्व सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर गगहा और बांसगांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन कार्रवाई शुरू करने के बजाय दोनों थानों के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर असमंजस बना रहा। इसी कारण करीब दो घंटे तक शव सड़क किनारे पड़ा रहा। बाद में सीमा स्पष्ट होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, घटनास्थल किस थाना क्षेत्र में आता है, इसे लेकर दोनों थानों की पुलिस के बीच काफी देर तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। इसी वजह से शव को कब्जे में लेने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू करने में विलंब हुआ। इस दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
पहचान कराने में जुटी पुलिस
करीब दो घंटे बाद सीमा विवाद समाप्त होने पर पुलिस ने पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी के रिकॉर्ड का मिलान कर शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
मौत के कारणों की होगी जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सीमा विवाद में समय न गंवाया जाता तो कार्रवाई और अधिक तेजी से हो सकती थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।











