गोरखपुर से अयोध्या-वाराणसी के लिए चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें: चार्जिंग स्टेशनों का निर्माण अंतिम चरण में, अप्रैल से यात्रियों को मिलेगी आरामदायक सफर की सुविधा

रोडवेज बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। गोरखपुर से अयोध्या, वाराणसी व बलिया की यात्रा करने वाले यात्रियों को अब नया एक्सपीरियंस मिलेगा। उन्हें आरामदायक व सुगम यात्रा के साथ ही पर्यावरण के संरक्षण में भागीदारी का भी मौका मिलेगा। अप्रैल महीने से परिवहन निगम छह शहरों के लिए इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरु करने जा रहा है। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। संबंधित शहरों में चार्जिंग स्टेशन का काम अंतिम चरण में है। इन शहरों को इलेक्ट्रिक बस सेवा से जोड़ने के लिए परिवहन निगम मुख्यालय ने 20 बस गोरखपुर भेजी है।
गोरखपुर से इन रुटों पर चलेगी बसें
परिवहन निगम गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) लव कुमार सिंह ने बताया कि अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इलेक्ट्रिक एसी बसों का संचालन गोरखपुर से अयोध्या, वाराणसी, बलिया, सोनौली, तमकुहीराज, लार-देवरिया रुट पर किया जाएगा। इसमें गोरखपुर-बनारस रुट के लिए छह, जबकि गोरखपुर-अयोध्या, गोरखपुर-बलिया, गोरखपुर-सोनौली, गोरखपुर-तमकुहीराज, गोरखपुर-लार-देवरिया के लिए तीन-तीन बसों का संचालन किया जाएगा।
25 प्रतिशत तक कम होगा किराया
आरएम लव कुमार सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों को जहां शांत व आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी तो वहीं किराया भी डीजल बसों की तुलना में 20 से 25 फीसदी तक कम लगेगा। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का ऑपरेशन कास्ट कम होता है, इसका सीधा फायदा यात्रियों को मिलेगा।
एक्पेरिमेंटल संचालन के बाद बढ़ेंगी बसें
आरएम ने बताया कि फिलहाल इन रुटों पर कुल 18 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा, अगर यह प्रयोग सफल रहा तो आने वाले दिनों में बसों की संख्या के साथ ही रुटों का भी विस्तार किया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों में सबसे ज्यादा दिक्कत चार्जिंग को लेकर होती है। इसके लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आने वाले कुछ सालों में लंबे दूरी के रुट्स पर भी यह बसें संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि चार्जिंग स्टेशनों का निर्माण पूरा होने के साथ ही बसों का संचालन शुरु करा दिया जाएगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










