गोरखपुर में फर्जी दस्तावेजों पर दर्ज हुआ दानपत्र: करोड़ों की जमीन बहू के नाम की पंजीकृत, तत्कालीन उप निबंधक समेत सात पर केस

करोड़ों रुपये मूल्य की पुस्तैनी भूमि के कथित फर्जी दानपत्र का मामला दोबारा जांच में उजागर हो गया। पहली जांच में शिकायत को सही तरीके से आगे नहीं बढ़ाया गया और दानपत्र को वैध बताते हुए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई थी। हालांकि पीड़ित बुजुर्ग ने दोबारा एसएसपी से शिकायत की तो नए सिरे से कराई गई जांच में दस्तावेज से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आ गईं। इसके बाद तत्कालीन उप निबंधक (रजिस्ट्रार) शिवम दुबे समेत सात लोगों के खिलाफ जालसाजी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
जगदीशपुर निवासी 83 वर्षीय बंशीलाल अस्वस्थ रहते हैं। आरोप है कि उनकी जानकारी, सहमति और उपस्थिति के बिना 19 अगस्त 2025 को चौरीचौरा उप निबंधक कार्यालय में उनकी करोड़ों रुपये की भूमि का दानपत्र उनकी बड़ी बहू सरिता देवी के नाम पंजीकृत कर दिया गया। मामले की जांच सीओ कैंट को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि दस्तावेज पर लगी फोटो बंशीलाल की नहीं थी। इसमें दर्ज मोबाइल नंबर भी किसी दूसरे व्यक्ति का था, जबकि हस्ताक्षर भी फर्जी पाए गए। इसके बावजूद दानपत्र का पंजीकरण कर दिया गया।
उप निबंधक कार्यालय की भूमिका पर उठे सवाल
जांच रिपोर्ट में उप निबंधक कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। आरोप है कि पहचान और दस्तावेजों का आवश्यक सत्यापन किए बिना ही किसी अन्य व्यक्ति को वास्तविक भूमिधर दर्शाकर दानपत्र पंजीकृत कर दिया गया। इसी आधार पर तत्कालीन उप निबंधक शिवम दुबे को भी मुकदमे में नामजद किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पूरी प्रक्रिया सुनियोजित साजिश और मिलीभगत के तहत अंजाम दी गई या नहीं और इसमें और किन लोगों की भूमिका रही?
अन्य की भी होगी जांच
एसएसपी के आदेश पर एम्स थाना पुलिस ने बंशीलाल की तहरीर के आधार पर उनकी बहू सरिता देवी, यशवंत सिंह यादव, देवनाथ यादव, रंजीश पासवान, तत्कालीन उप निबंधक शिवम दुबे, संदीप तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने का केस दर्ज किया है। आरोप है कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने बहू को झांसे में लेकर पुस्तैनी भूमि का फर्जी दानपत्र तैयार कराया। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपितों की भूमिका की गहन जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









