रफ्तार के कहर ने निगल ली तीन जिंदगियां : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, गोरखपुर के थाने में पेश होने आ रहे थे

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एकबार फिर कार की ओवरस्पीड ने हंसती-खेलती जिंदगियों को मौत की नींद सुला दिया। एक्सप्रेसवे के 161 किलोमीटर प्वाइंट पर हुए हादसे में बेलघाट थाना क्षेत्र के रामपुर गोसाई गांव के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौके हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।
दिल्ली से गोरखपुर आ रही कार की पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अम्बेडकरनगर जिले के बेवां थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में बेलघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गोसाई गांव निवासी विजय कुमार यादव (50), लक्ष्मी देवी (40) पत्नी मुकेश, जो विनय यादव की सास थीं, तथा विनय यादव के छह वर्षीय पुत्र वीर की मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर ट्रक छोड़कर चालक फरार
सभी मृतक रामपुर गोसाई गांव, थाना बेलघाट के निवासी थे। हादसे में कार चालक विनय कुमार यादव, अंश और 14 वर्षीय गुनगुन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल अकबरपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मृतकों और घायलों के परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल और अस्पताल के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि विनय यादव गाजियाबाद में रहते थे और सीबीएसएल कंपनी में नौकरी करते थे। परिवार भी वहीं उनके साथ रहता था।
पत्नी से चल रहा था विवाद
पत्नी से चल रहे आपसी विवाद के चलते विनय को बेलघाट थाने में उपस्थित होना था, इसी सिलसिले में परिवार के सभी सदस्य गांव रामपुर गोसाई आ रहे थे, तभी यह भीषण दुर्घटना हो गई। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत से हर आंख नम है और माहौल गमगीन बना हुआ है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










