फौजी की पत्नी और बेटियों से अश्लील हरकत: विरोध करने पर दी धमकी, आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

चिलुआताल थाना क्षेत्र के एक गांव में सेना में तैनात जवान के परिवार के साथ अभद्रता और धमकी का मामला सामने आया है। फौजी की पत्नी ने गांव के कुछ युवकों पर उनकी बेटियों के साथ अश्लील टिप्पणियां करने, गंदे इशारे करने और विरोध करने पर परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पति भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में तैनात हैं और वर्तमान में ड्यूटी पर हैं। घर पर वह अपनी वृद्ध सास, तीन बेटियों और एक बेटे के साथ रहती हैं। आरोप है कि गांव के कुछ युवक लंबे समय से उनकी बेटियों पर अश्लील टिप्पणियां करते हैं और अभद्र इशारे कर उन्हें परेशान करते हैं। जब बेटियों ने इसकी जानकारी परिवार को दी, तब मामला सामने आया।
शिकायत करने पहुंची महिला को दौड़ाया
पीड़िता के अनुसार वह आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंची थीं। लेकिन वहां आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने महिला को दौड़ा लिया। इसके बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंचीं और चैनल गेट बंद कर खुद को सुरक्षित किया। इस दौरान एक आरोपी द्वारा की गई कथित अश्लील हरकत का वीडियो भी मोबाइल फोन में रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है।
एसिड अटैक और हत्या की धमकी का आरोप
महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने एसिड फेंककर जीवन बर्बाद करने और उनके इकलौते बेटे की हत्या कर बॉडी चिलुआताल क्षेत्र में फेंक देने की धमकी दी। घटना के बाद डायल-112 पर सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी वहां से फरार हो गए। क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।











