दवा मंडी में आग लगने से मचा हड़कंप: फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा, 20 मिनट में आग पर पाया काबू

गोरखपुर|1 घंटा पहले
फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा, 20 मिनट में आग पर पाया काबू

शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र टाउनहाल स्थित भलोटिया मार्केट की दवा मंडी में शुक्रवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग दवा मंडी के प्रथम तल पर स्थित एक दवा दुकान में लगी। जिसके बाद पूरे परिसर में धुआं फैल गया। आसपास मौजूद लोगों ने धुआं उठता देख तत्काल शोर मचाया और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दवा मंडी में अधिकांश दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई हैं। ऐसे में आग फैलने की आशंका से व्यापारियों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:22 बजे वेदिका ट्रेडर्स नामक दवा दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते दुकान के भीतर आग फैलने लगी। घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन गोलघर से दो अग्निशमन वाहन तत्काल मौके के लिए रवाना किए गए। फायर सर्विस की टीम ने पहुंचते ही मोटर फायर इंजन के माध्यम से पंपिंग शुरू की और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। अग्निशमन कर्मियों की तत्परता के कारण आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लेकिन दुकान में रखा कुछ सामान आग की चपेट में आने से नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही दुकानदार अनुज अग्रवाल भी मौके पर पहुंच गए। अग्निशमन अभियान के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) संतोष कुमार राय और फायर स्टेशन अधिकारी (एफएसओ) शान्तनु कुमार यादव भी मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समय पर मिली सूचना और फायर यूनिट की त्वरित कार्रवाई के चलते संभावित बड़े अग्निकांड को टाल लिया गया। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।