गोरखपुर में अवैध प्लाटिंग पर चला जीडीए का बुलडोजर: तीन गांवों में हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई, बिना मानचित्र स्वीकृति निर्माण पर भी सख्ती

गोरखपुर|
तीन गांवों में हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई,  बिना मानचित्र स्वीकृति निर्माण पर भी सख्ती

अवैध प्लाटिंग और बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण के खिलाफ गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अभियान चलाकर करीब पांच एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। चिलुआताल थाना क्षेत्र के जंगल कौड़िया, शेरपुर चमराहे और भंडारों गांव में हुई कार्रवाई के दौरान भूखंडों तक बनाई गई सड़क, निर्माण और अन्य ढांचों को भी हटाया गया। कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के निर्देश पर प्रभारी प्रवर्तन अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस और प्रवर्तन दल के सहयोग से की गई।

जीडीए के अनुसार, जंगल कौड़िया में धर्मराज यादव और अनिरुद्ध चौधरी की ओर से करीब दो एकड़ में विकसित की जा रही प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके बाद शेरपुर चमराहे में दीपक कश्यप की ओर से करीब दो एकड़ भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण और प्लाटिंग को हटाया गया। भंडारों गांव में सूर्यभान यादव, हसन खान और अन्य के सहयोग से करीब एक एकड़ भूमि में की गई अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई हुई। प्राधिकरण का कहना है कि संबंधित लोगों को पहले भी नियमों का पालन करने और अवैध गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद काम जारी रहने पर ध्वस्तीकरण किया गया।

खरीदारी से पहले लेआउट की स्वीकृति जांचने की अपील

अभियान में सहायक अभियंता ज्योति राय, अजय कुमार पांडेय, अवर अभियंता धर्मेन्द्र गौड़, शोभित कन्नौजिया समेत प्रवर्तन स्टाफ और क्षेत्रीय पुलिस बल मौजूद रहा। जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने स्पष्ट किया कि बिना मानचित्र स्वीकृति निर्माण और अवैध प्लाटिंग को किसी भी स्थिति में अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने लोगों से भूमि खरीदने से पहले प्राधिकरण से लेआउट और मानचित्र की स्वीकृति की जानकारी हासिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ चिह्नांकन और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।