जीडीए में पहली बार दो ओएसडी की तैनाती: प्रोजेक्ट्स को रफ्तार देने को शासन का बड़ा फैसला, चार प्रशासनिक अफसरों संग अब तेज होगा काम

गोरखपुर विकास प्राधिकरण के इतिहास में पहली बार एक साथ दो विशेष कार्याधिकारी तैनात किए गए हैं। शासन स्तर से हुई इस नियुक्ति के बाद प्राधिकरण में प्रशासनिक अधिकारियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। पहले से कार्यरत प्रखर उत्तम के साथ सोमवार को डॉ. संजीव दीक्षित ने भी OSD का कार्यभार संभाल लिया। माना जा रहा है कि इससे नई परियोजनाओं और भूमि अधिग्रहण से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी।
अब तक प्राधिकरण में एक ही OSD कार्यरत रहता था और अधिकांश मामलों में स्थानीय स्तर पर संबद्धता के आधार पर यह जिम्मेदारी दी जाती थी। लेकिन बीते एक वर्ष के भीतर शासन की ओर से दो OSD की तैनाती होना GDA के इतिहास में पहली बार हुआ है। वर्तमान में उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल और सचिव पुष्पराज सिंह आईएएस अधिकारी हैं, जबकि प्रखर उत्तम और डॉ. संजीव दीक्षित पीसीएस अधिकारी के रूप में प्राधिकरण की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
कानपुर से गोरखपुर पहुंचे डॉ. दीक्षित
कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. संजीव दीक्षित ने उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, सचिव पुष्पराज सिंह और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की। इससे पहले वह कानपुर नगर में एसडीएम के पद पर तैनात थे। गोरखपुर की सदर तहसील में तहसीलदार तथा सिद्धार्थनगर में एसडीएम के रूप में भी वह अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अधिकारियों का मानना है कि अतिरिक्त प्रशासनिक नेतृत्व मिलने से प्राधिकरण की नई योजनाओं और भूमि अधिग्रहण संबंधी कार्यों को और गति मिलेगी।











