GDA की OTS योजना में अब बढ़ी हलचल: PM आवास योजना के आवंटी सबसे बड़े डिफॉल्टर, ब्याजमुक्त किस्तें भी बाकी

गोरखपुर|1 घंटा पहले
PM आवास योजना के आवंटी सबसे बड़े डिफॉल्टर, ब्याजमुक्त किस्तें भी बाकी

गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की विभिन्न आवासीय योजनाओं में संपत्तियां आवंटित होने के बाद भी बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने पूरी धनराशि जमा नहीं की है। बकाया वसूली के लिए लागू की गई एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को शुरुआती दिनों में अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली। लेकिन अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ आवंटियों की सक्रियता बढ़ने लगी है। जीडीए ने कुल 1,583 बकाएदार आवंटियों की सूची तैयार की है। इनमें सबसे अधिक संख्या प्रधानमंत्री आवास योजना, मानबेला के लाभार्थियों की है। वर्ष 2016-17 में इस योजना के तहत 1,500 लोगों को फ्लैट आवंटित किए गए थे। लेकिन इनमें से करीब 900 आवंटी अब तक पूरी राशि जमा नहीं कर सके हैं।

मानबेला स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के फ्लैट अल्प आय वर्ग के पात्र परिवारों को डूडा के सत्यापन के बाद आवंटित किए गए थे। इन आवासों के निर्माण के लिए सरकार की ओर से प्रति फ्लैट 2.5 लाख रुपये की सब्सिडी दी गई थी। जबकि आवंटियों को दो लाख रुपये 24 माह में आठ ब्याजमुक्त किस्तों के माध्यम से जमा करने थे। इस योजना में तीन लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले लोग पात्र थे। माना जा रहा है कि समय पर किस्तें जमा न होने के कारण दंड ब्याज जुड़ता गया और बकाया राशि बढ़ने से कई आवंटी अब भुगतान करने की स्थिति में नहीं हैं।

सूर्य विहार योजना के आवंटी भी परेशान

बकाएदारों में सूर्य विहार योजना के 221 आवंटी भी शामिल हैं। इस योजना में भूमि विवाद के कारण अब तक रजिस्ट्री नहीं हो सकी है। हालांकि आवंटियों को आवास का कब्जा मिल चुका है, लेकिन स्वामित्व का अधिकार अभी तक नहीं मिल पाया है।

अंतिम तिथि से पहले बढ़ी आवेदन की रफ्तार

ओटीएस योजना 2026 के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 17 जुलाई निर्धारित की गई है। अब केवल कुछ दिन शेष रहने पर प्राधिकरण कार्यालय में आवंटियों की भीड़ बढ़ने लगी है। 60 से अधिक लोग योजना की जानकारी लेने पहुंचे और पंजीकरण कराया। अब तक 1,583 बकाएदारों में से 570 आवंटी योजना के तहत पंजीकरण करा चुके हैं। जीडीए ने विभिन्न योजनाओं से 53 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य तय किया है। अब तक करीब 300 मामलों में दंड ब्याज में छूट के बाद जमा की जाने वाली अंतिम राशि निर्धारित की जा चुकी है। प्राधिकरण बकाएदारों को नोटिस भेजने और फोन के माध्यम से भी योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहा है।

समय सीमा के बाद होगी कार्रवाई

जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने कहा कि ओटीएस योजना बकाएदारों के लिए अंतिम अवसर है। उन्होंने सभी आवंटियों से 17 जुलाई तक पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना समाप्त होने के बाद भी जिन लोगों का बकाया जमा नहीं होगा, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर आवंटित आवास खाली भी कराए जाएंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।