गीडा में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार: 31 मई को सीएम योगी करेंगे नए इंडस्ट्रियल हब का लोकार्पण, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

पूर्वांचल के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की तैयारी पूरी हो चुकी है। गीडा में 31 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के दूसरे फ्लैटेड फैक्टरी कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। यह प्रोजेक्ट 42.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। यह आधुनिक कॉम्प्लेक्स गीडा के सेक्टर-13 में विकसित किया गया है। सरकार का मानना है कि इस परियोजना के शुरू होने से गोरखपुर औद्योगिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा। स्थानीय युवाओं को बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
फ्लैटेड फैक्टरी कॉम्प्लेक्स को आधुनिक “प्लग एंड प्ले” मॉडल पर तैयार किया गया है। उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के लिए बुनियादी ढांचे की सुविधा पहले से उपलब्ध रहेगी। इस कॉम्प्लेक्स में 80 एमएसएमई यूनिट्स स्थापित की जा सकेंगी। विशेष रूप से रेडीमेड गारमेंट, आईटी और फार्मा सेक्टर की इकाइयों को यहां प्रोत्साहित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के जरिए करीब एक हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। अप्रत्यक्ष रूप से भी बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा।
श्रमिकों को मिलेगा आधुनिक आवासीय परिसर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान गीडा सेक्टर-11 स्थित श्रमिक आवासीय परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना के तहत एलआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के कुल 96 फ्लैट्स तैयार किए गए हैं। इन आवासों का निर्माण गीडा में कार्यरत श्रमिकों और निम्न आय वर्ग के कर्मचारियों को कार्यस्थल के पास बेहतर आवास सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है।
ई-लॉटरी से फ्लैट्स का आवंटन पूरा
गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक के मुताबिक, सेक्टर-11 के ग्राम कालेसर में विकसित इस आवासीय योजना का निर्माण गीडा ने अपने संसाधनों से कराया है। परियोजना की कुल लागत 18 करोड़ 54 लाख रुपये है। जिसमें सरकार की ओर से 11 करोड़ 2 लाख रुपये की सब्सिडी दी गई है। योजना के तहत ईडब्ल्यूएस श्रेणी के एक फ्लैट की अनुमानित कीमत 5.13 लाख रुपये है। एलआईजी श्रेणी के फ्लैट की कीमत लगभग 10.53 लाख रुपये निर्धारित की गई है। तीन टावरों में विकसित इस आवासीय परिसर में ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के 48-48 फ्लैट बनाए गए हैं। परिसर के आसपास व्यवसायिक केंद्र, सामुदायिक भवन, पार्क और खेल मैदान जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, सभी फ्लैट्स का आवंटन गीडा में संचालित इकाइयों के श्रमिकों को ई-लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जा चुका है।
71 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गीडा क्षेत्र में विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में तैयार और प्रस्तावित 71 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, नाली, पुलिया, बिजली व्यवस्था, वेस्ट मैनेजमेंट, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और सीवरेज नेटवर्क जैसी बुनियादी अवस्थापना सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन सभी विकास कार्यों पर कुल 207.96 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार का फोकस गोरखपुर को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने पर है। माना जा रहा है कि फ्लैटेड फैक्टरी कॉम्प्लेक्स और श्रमिक आवासीय योजना जैसी परियोजनाएं निवेशकों को आकर्षित करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी नई गति देंगी। इससे पूर्वांचल के आर्थिक विकास को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










