गोरखपुर में मोबाइल के लिए बेटी ने दबाया मां गला: वारदात के बाद घर छोड़कर पहुंची बिहार, पुलिस ने 72 घंटे बाद किया बरामद

गोरखपुर|
वारदात के बाद घर छोड़कर पहुंची बिहार, पुलिस ने 72 घंटे बाद किया बरामद

तिवारीपुर इलाके में मोबाइल को लेकर 11 साल की बच्ची ने मां का गला दबा दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसकी जान बचाई। घटना के बाद बच्ची घर छोड़ने की जिद पर अड़ गई। परिवार ने उसे समझाकर शांत किया, लेकिन अगले दिन वह बिना बताए घर से निकल गई। काफी तलाश के बाद मां ने तिवारीपुर थाने में सूचना दी। पुलिस ने करीब 72 घंटे की तलाश के बाद बच्ची को बिहार में उसके ही एक रिश्तेदार के घर से बरामद कर लिया। पुलिस अब काउंसलिंग कराने के बाद उसे परिजनों को सौंपने की तैयारी कर रही है।

महिला ने पुलिस को बताया कि उसका मायका और घर बिहार के गोपालगंज जिले में है। उसके पति सऊदी अरब में रहकर काम करते हैं। बच्चों की पढ़ाई के लिए वह गोरखपुर में रहती है। उसका बेटा शहर के एक नामी स्कूल में कक्षा नौ और बेटी कक्षा छह में पढ़ती है। महिला के मुताबिक 3 अगस्त की रात करीब 11 बजे बेटी ने उससे मोबाइल मांगा था। मोबाइल देने से मना करने पर वह गुस्से में आ गई और मां का गला दबाने लगी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और उसे बचाया।

अगले दिन बैग लेकर घर से निकली

घटना के बाद लोगों ने बच्ची को समझाया। इसके बावजूद वह उसी रात घर छोड़कर जाने की जिद करती रही। महिला ने मकान मालिक को बुलाया। उनके समझाने के बाद बच्ची शांत हो गई। हालांकि 4 अगस्त की शाम करीब पांच बजे वह छोटा काले रंग का पिठू बैग लेकर चुपचाप घर से निकल गई। रात में उसने मोबाइल से किसी व्यक्ति से बातचीत भी की थी। महिला के मुताबिक ट्रू-कॉलर पर किसी लड़के का नाम दिखाई दे रहा था।

रिश्तेदार के घर से किया बरामद

महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि उसकी बेटी के साथ पढ़ने वाली एक लड़की का पांच लड़कों का ग्रुप है। ऐसे में उसने बच्ची के लापता होने में उनके शामिल होने की आशंका जताई थी। पुलिस ने तलाश शुरू की और 72 घंटे बाद बच्ची को बिहार स्थित एक रिश्तेदार के घर से बरामद कर लिया। तिवारीपुर थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची बिहार में एक रिश्तेदार के घर मिली है। उसे गोरखपुर लाया गया है। काउंसलिंग के बाद बच्ची को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।