दारोगा से शादी की जिद में टावर पर चढ़ी युवती: 4 घंटे हाईवोल्टेज ड्रामा, ब्रेकअप के बाद टावर पर चढ़ा युवक

गोरखपुर|17 अप्रैल 2026
 4 घंटे हाईवोल्टेज ड्रामा, ब्रेकअप के बाद टावर पर चढ़ा युवक

गोरखपुर जिले के गोरखनाथ थाना क्षेत्र में गुरुवार की भोर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती टेलीफोन टावर पर चढ़ गई और दारोगा से शादी कराने की मांग को लेकर हंगामा करने लगी। करीब चार घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा-बुझाकर युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली सुमन कश्यप गुरुवार तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच टावर पर चढ़ गई। सुबह करीब चार बजे ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अफसर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।

दारोगा पर शादी का झांसा देने का आरोप

युवती का आरोप है कि गोरखपुर में तैनात यातायात पुलिस के दारोगा राहुल द्रविड़ ने उसे शादी का झांसा दिया था, लेकिन बाद में वह मुकर गया। इस मामले में युवती ने 21 मई 2025 को गाजीपुर के नंदगंज थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था। उसने दारोगा पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

दारोगा ने शादी से किया इनकार

घटना की सूचना पर संबंधित दारोगा को मौके पर बुलाया गया। उसने शादी से साफ इनकार करते हुए बताया कि उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में उसे उच्च न्यायालय से स्टे मिला हुआ है। दारोगा का कहना है कि युवती उस पर दबाव बनाने के लिए यह कदम उठा रही है।

चार घंटे बाद सकुशल उतारी गई युवती

करीब चार घंटे तक चले समझाने-बुझाने के प्रयास के बाद सुबह करीब आठ बजे युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारकर गोरखनाथ थाने लाया। पुलिस का कहना है कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद युवती को नंदगंज पुलिस के साथ उसके घर भेजा जाएगा।

टावर पर चढ़ा युवक
टावर पर चढ़ा युवक

वहीं शाहपुर के बशारतपुर में एक युवक ने प्रेमिका से ब्रेकअप के बाद मानसिक तनाव में आकर 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। करीब पांच घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान युवक टावर पर बैठकर इंस्टाग्राम पर रील बनाता रहा और अपना दर्द बयां करता रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

सुबह करीब आठ बजे युवक टावर पर चढ़ गया। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने उसे टावर का कर्मचारी समझा, लेकिन कुछ देर बाद जब वह ऊपर बैठा नजर आया और नीचे उतरने से इनकार करने लगा, तब लोगों को स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ।

पांच घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

स्थानीय लोगों ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब पांच घंटे तक लगातार समझाने के बाद दोपहर करीब एक बजे वह नीचे उतरने को राजी हुआ।

इंस्टाग्राम रील बनाकर बयां करता रहा दर्द

टावर पर बैठे युवक ने इस दौरान तीन इंस्टाग्राम रील्स भी पोस्ट कीं, जिनमें वह भावुक नजर आया और अपने दिल की बात साझा करता रहा। इससे इलाके में और भी हलचल मच गई और लोग घटनास्थल पर जुटने लगे।

ब्रेकअप और पारिवारिक तनाव बताया कारण

पूछताछ में युवक ने अपना नाम गुड्डू बताया, जो बिहार के बेतिया का रहने वाला है और गोरखपुर में फल बेचकर जीवनयापन करता है। उसने बताया कि प्रेमिका से ब्रेकअप और पारिवारिक तनाव के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था और शांति की तलाश में टावर पर चढ़ गया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।