ट्यूशन जा रही छात्राओं से छेड़छाड़ और मारपीट: रास्ते में रोककर की अभद्र हरकतें, विरोध करने पर शोहदों ने किया हमला

शाहपुर थाना क्षेत्र में ट्यूशन पढ़ने जा रही छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की घटना सामने आई है। जिसके बाद इलाके में चिंता का माहौल है। कक्षा आठ की पांच छात्राओं ने आरोप लगाया है कि कुछ युवकों ने पहले उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। फिर विरोध करने पर मारपीट और धमकी दी। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार पादरी बाजार क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों में रहने वाली पांच छात्राएं पैदल ट्यूशन पढ़ने के लिए जंगल हकीम नंबर-दो स्थित एक शिक्षण संस्थान की ओर जा रही थीं। छात्राओं का आरोप है कि टीएन पब्लिक स्कूल के समीप पहुंचने पर तीन युवक उनके पास आए। भोजपुरी गीत गाते हुए रास्ता मांगने लगे। छात्राओं के मुताबिक रास्ता पर्याप्त चौड़ा होने के बावजूद युवक लगातार उनका पीछा करते रहे और अभद्र टिप्पणियां करते रहे। पीड़ित छात्राओं का कहना है कि कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उनकी ओर फ्लाइंग किस करते हुए अशोभनीय हरकतें कीं। जब छात्राओं ने इसका विरोध किया तो युवक उग्र हो गए और उन्हें धमकाने लगे।
विरोध करने पर मारपीट का आरोप
छात्राओं के अनुसार कुछ देर बाद तीनों युवक डंडा और ईंट लेकर वापस लौटे। उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान कुछ छात्राओं का हाथ पकड़कर उन्हें डराने-धमकाने की भी कोशिश की गई। घटना के दौरान छात्राओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना से सहमी छात्राओं ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें संबंधित चौकी पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद छात्राओं ने मोहनापुर चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके। शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि छात्राओं की शिकायत प्राप्त हुई है। सभी आरोपों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में तथ्य सामने आने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद छात्राओं और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









