नेपाल के पाठकों के लिए बड़ी सौगात: गीता प्रेस ने पहली बार नेपाली में छापे नृसिंह और महाभागवत पुराण, श्रद्धालुओं की मांग पर लिया निर्णय

गोरखपुर|18 घंटे पहले
गीता प्रेस ने पहली बार नेपाली में छापे नृसिंह और महाभागवत पुराण, श्रद्धालुओं की मांग पर लिया निर्णय

विश्व प्रसिद्ध धार्मिक प्रकाशन संस्था गीता प्रेस ने नेपाली भाषी श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। पहली बार नृसिंह पुराण और महाभागवत देवी पुराण का नेपाली भाषा में प्रकाशन किया है। इस कदम से नेपाल सहित नेपाली भाषा बोलने वाले लाखों श्रद्धालुओं को अपनी मातृभाषा में धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। गीता प्रेस द्वारा दोनों पुराणों की तीन-तीन हजार प्रतियां प्रकाशित की गई हैं। जिनमें से एक-एक हजार प्रतियां नेपाल भेज दी गई हैं। संस्था का मानना है कि इस पहल से धार्मिक साहित्य की पहुंच और अधिक व्यापक होगी तथा श्रद्धालुओं का अपने धार्मिक ग्रंथों से जुड़ाव भी मजबूत होगा।

नेपाल में लंबे समय से गीता प्रेस की धार्मिक पुस्तकों की मांग रही है। बड़ी संख्या में ऐसे श्रद्धालु हैं जो हिंदी भाषा को सीमित रूप से समझते हैं। अपनी मातृभाषा में धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन करना अधिक सहज मानते हैं। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए गीता प्रेस ने नृसिंह पुराण और महाभागवत देवी पुराण का नेपाली संस्करण तैयार कराया। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से नेपाल और भारत के बीच गहरे संबंध रहे हैं। ऐसे में इस प्रकाशन को दोनों देशों के आध्यात्मिक जुड़ाव को मजबूत करने वाला कदम भी माना जा रहा है।

पहले भी प्रकाशित हो चुकी हैं कई प्रमुख पुस्तकें

यह पहली बार नहीं है जब गीता प्रेस ने नेपाली भाषा में धार्मिक साहित्य उपलब्ध कराया हो। इससे पहले संस्था भगवद्गीता, रामचरितमानस सहित कई महत्वपूर्ण धार्मिक ग्रंथों का नेपाली अनुवाद प्रकाशित कर चुकी है। इन पुस्तकों को नेपाल और नेपाली भाषी पाठकों के बीच काफी सराहना मिली थी। सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद संस्था ने अन्य महत्वपूर्ण पुराणों और धार्मिक ग्रंथों को भी नेपाली भाषा में प्रकाशित करने का निर्णय लिया।

50 से अधिक नेपाली संस्करण पहले से उपलब्ध

गीता प्रेस अब तक 50 से अधिक धार्मिक पुस्तकों का नेपाली भाषा में प्रकाशन कर चुका है। संस्था के अनुसार नेपाल में इन पुस्तकों की लगातार मांग बनी रहती है। नेपाली संस्करण में प्रकाशित नृसिंह पुराण की कीमत लगभग 200 रुपये और महाभागवत देवी पुराण की कीमत करीब 350 रुपये निर्धारित की गई है। दोनों ग्रंथों की प्रतियां नेपाल के अलावा गीता प्रेस के विभिन्न बिक्री केंद्रों पर भी उपलब्ध रहेंगी।

भविष्य में और बढ़ेगा दायरा

गीता प्रेस के प्रबंधक लालमणि तिवारी ने बताया कि नेपाली भाषी श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग को देखते हुए लगातार नए प्रकाशनों पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी श्रद्धालुओं की आवश्यकता और रुचि के अनुसार अन्य धार्मिक ग्रंथों को नेपाली भाषा में प्रकाशित किया जाएगा। जिससे अधिक से अधिक लोग अपनी भाषा में धार्मिक ज्ञान का लाभ उठा सकें।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।