गोरखपुर में गीडा की पहली आवासीय परियोजना: 15 टावरों में बनेंगे करीब 400 फ्लैट, RERA में रजिस्ट्रेशन प्रोसेस शुरू

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) पहली बार बड़े पैमाने पर आवासीय फ्लैट विकसित करने जा रहा है। सहजनवा क्षेत्र में प्रस्तावित इस परियोजना के तहत करीब 400 फ्लैट बनाए जाएंगे। योजना की खास बात यह है कि इसमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से लेकर उच्च आय वर्ग तक सभी के लिए आवास उपलब्ध होंगे। इसके लिए रेरा में पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
गीडा ने इस महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजना के लिए सहजनवा तहसील की ग्राम पंचायत चकभोप में करीब 22,500 वर्गमीटर भूमि चिह्नित की है। यहां कुल 15 आवासीय टावर विकसित किए जाएंगे। इनमें लगभग 400 फ्लैट तैयार होंगे। गीडा के इतिहास में यह पहला अवसर होगा, जब प्राधिकरण गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की तर्ज पर स्वयं फ्लैट बनाकर आम लोगों को उपलब्ध कराएगा। इस योजना का लाभ उद्यमियों, श्रमिकों और आम नागरिकों सभी को मिलेगा।
हर आय वर्ग के लिए अलग व्यवस्था
परियोजना को विभिन्न आय वर्गों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है। अल्प आय वर्ग (ईडब्ल्यूएस और एलआईजी) के लिए लगभग 8,209 वर्गमीटर क्षेत्र में पांच टावर बनाए जाएंगे। इनमें करीब 160 फ्लैट तैयार किए जाएंगे, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और कम आय वाले परिवारों को किफायती आवास मिल सके। वहीं मध्यम और उच्च आय वर्ग (एमआईजी और एचआईजी) के लिए लगभग 14,400 वर्गमीटर क्षेत्र में 10 टावर प्रस्तावित हैं। इस हिस्से में करीब 250 फ्लैट विकसित किए जाएंगे। गीडा का कहना है कि यह परियोजना किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं होगी। औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत उद्यमियों, कर्मचारियों और अन्य इच्छुक नागरिकों को भी फ्लैट खरीदने का अवसर मिलेगा।
दिवाली पर शुरू होगा आवंटन
परियोजना का प्रारंभिक लेआउट और डिजाइन तैयार कर लिया गया है। पारदर्शिता और खरीदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए योजना के रेरा पंजीकरण के लिए आवेदन भी कर दिया गया है। गीडा का लक्ष्य सभी तकनीकी और कानूनी प्रक्रियाएं समय पर पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करना है। प्राधिकरण इस योजना में 'पहले आवंटन, फिर निर्माण' की नीति अपनाएगा। पहले इच्छुक लोगों से आवेदन लेकर फ्लैट आवंटित किए जाएंगे और उसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राम प्रकाश ने बताया कि गीडा की यह पहली आवासीय योजना है। सभी आय वर्गों के लिए फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। तैयारी अंतिम चरण में है और दिवाली के अवसर पर विज्ञापन जारी कर आवंटन प्रक्रिया शुरू करने की योजना है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









