गोरखपुर में 'बेटे पर तंत्र का साया' कहकर महिला को डराया: झाड़-फूंक के बहाने जेवर-नकदी हड़पी, आरोपी अरेस्ट

गोरखपुर|
झाड़-फूंक के बहाने जेवर-नकदी हड़पी, आरोपी अरेस्ट

पीपीगंज क्षेत्र में झाड़-फूंक के नाम पर महिला से ठगी का मामला सामने आया है। खुद को तांत्रिक बताने वाले एक व्यक्ति ने महिला के बेटे पर तंत्र-भूत का साया होने का डर दिखाकर उसके जेवर और नकदी हड़प ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पीपीगंज थाना क्षेत्र के जंगल कौड़िया गांव निवासी सुमन करीब 15 दिन पहले अपने बीमार बेटे का इलाज कराने भटहट गई थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के गागी गांव निवासी विजय गोंड़ से हुई। उसने खुद को तांत्रिक बताते हुए दावा किया कि बच्चे पर तंत्र किया गया है और झाड़-फूंक से वह उसे पूरी तरह ठीक कर देगा। इसके बाद उसने महिला का मोबाइल नंबर लिया और कुछ दिन बाद उसके घर पहुंच गया।

डर का फायदा उठाकर ले गया जेवर और नकदी

महिला का आरोप है कि झाड़-फूंक शुरू करने से पहले आरोपी ने कान की बाली, मंगलसूत्र और 10 हजार रुपये अपने पास रखवा लिए। कुछ देर बाद वह बेसुध हो गई। होश आने पर उसे अपने जेवर और नकदी गायब मिले। इसके बाद वह सीधे पीपीगंज थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

अन्य मामलों की भी होगी जांच

महिला की तहरीर पर पुलिस ने विजय गोंड़ के खिलाफ केस दर्ज कर उसे अरेस्ट कर लिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी झांसा देकर ठगी की हो सकती है। इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर तत्काल केस दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। यदि इस प्रकार की अन्य शिकायतें भी सामने आती हैं तो उन्हें भी जांच में शामिल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।