गोरखपुर में बैंक मैनेजर और पार्किंग कर्मियों में विवाद: एक पास पर दो गाड़ियों को लेकर हुआ बवाल, मारपीट में शर्ट फाड़ी और चश्मा तोड़ा

शहर में मल्टीलेवल पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर बुधवार सुबह बैंक मैनेजर और पार्किंग कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। करीब 11:30 बजे शुरू हुई कहासुनी कुछ देर में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान पार्किंग कर्मचारियों ने मैनेजर की शर्ट फाड़ दी और उनका चश्मा भी तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।
बताया जा रहा है कि बैंक मैनेजर ने पार्किंग के लिए एक पास बनवा रखा है, जबकि उनके पास दो गाड़ियां हैं। मैनेजर का कहना है कि एक गाड़ी पार्क करने को लेकर उन्होंने पहले ही पार्किंग ठेकेदार से बातचीत की थी। इसके बावजूद उनकी गैरमौजूदगी में कर्मचारी आए दिन पार्किंग को लेकर विवाद करते हैं। दूसरी ओर ठेकेदार का कहना है कि कर्मचारियों को मैनेजर और उनके बीच हुई बातचीत की जानकारी नहीं थी। वे पार्किंग के निर्धारित नियमों के अनुसार ही काम कर रहे थे।
मैनेजर ने थाने में दी तहरीर
घटना के बाद मैनेजर की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विवाद के दौरान क्या हुआ और मारपीट की स्थिति कैसे बनी, इसकी पुष्टि के लिए पार्किंग परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा सकती है। फिलहाल दोनों पक्षों के दावों की जांच की जा रही है।











