गोरखपुर में 160 एकड़ में धुरियापार का बदलेगा चेहरा: प्लग एंड प्ले कॉरिडोर में लगेंगी 100 इकाइयां, सेक्टर-6 में चिह्नित की गई जमीन

धुरियापार को पूर्वांचल के बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम तेज हो गए हैं। भारत औद्योगिक विकास योजना के तहत यहां 160 एकड़ में अत्याधुनिक प्लग एंड प्ले औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। परियोजना के लिए गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए कंसलटेंट के चयन का विज्ञापन जारी किया गया है। परियोजना को पूरी तरह केंद्र सरकार के वित्तीय सहयोग से विकसित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मार्च 2026 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत औद्योगिक विकास योजना को मंजूरी दी थी। इसके तहत देशभर में 100 नए औद्योगिक क्षेत्रों को विकसित किया जाना है। उत्तर प्रदेश में सात स्थानों पर औद्योगिक कॉरिडोर प्रस्तावित हैं, जिनमें गोरखपुर का धुरियापार भी शामिल है। गीडा ने धुरियापार के सेक्टर-6 में करीब 160 एकड़ भूमि इस परियोजना के लिए चिह्नित की है। डीपीआर तैयार होने के बाद सड़क, बिजली, पानी, सीवरेज, ड्रेनेज समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं केंद्र सरकार के फंड से विकसित की जाएंगी। इसके बाद उद्योगों के लिए विकसित भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे।
पहले से तैयार मिलेगा इंफ्रास्ट्रक्चर
अधिकारियों के मुताबिक प्रस्तावित कॉरिडोर को प्लास्टिक पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। यहां उद्यमियों को प्लग एंड प्ले सुविधा मिलेगी। यानी उद्योग लगाने के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा पहले से उपलब्ध रहेगा। इससे निवेशकों को सेटअप तैयार करने में कम समय लगेगा और वे अपेक्षाकृत जल्दी उत्पादन शुरू कर सकेंगे। अनुमान है कि कॉरिडोर में 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी। बड़ी कंपनियों के निवेश की भी संभावना है। केंद्र से इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए फंड मिलने के कारण उद्योगों को भूमि अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा सकेगी।
रोजगार के साथ बढ़ेंगी कारोबारी गतिविधियां
धुरियापार में कॉरिडोर के विकसित होने से पूर्वांचल के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही सहायक उद्योगों, लॉजिस्टिक्स और व्यापारिक गतिविधियों को भी विस्तार मिलेगा।
मील का पत्थर साबित होगी परियोजना
केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक विकास योजना के तहत धुरियापार में 160 एकड़ भूमि पर औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। डीपीआर तैयार करने के लिए कंसलटेंट का चयन किया जा रहा है। यह परियोजना धुरियापार के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। अच्छी कंपनियां निवेश करेंगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
—अनुज मलिक, सीईओ, गीडा











