गोरखपुर एम्स में नौकरी का झांसा देकर ठगी: 12 लोगों से हड़पे 3.09 लाख रुपये, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भेजकर बनाया शिकार

एम्स में नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला समेत 12 लोगों से 3.09 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने खुद को एम्स का एचआर अधिकारी बताकर पहले भरोसा कायम किया। फिर एडमिन और सीनियर एडमिन पद पर नियुक्ति का लालच देकर अभ्यर्थियों से रुपये वसूल लिए। बाद में व्हाट्सएप पर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भेज दिए। जब पीड़िता ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर एम्स थाने में विपिन कुमार मिश्रा उर्फ नीरज मिश्रा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक धर्मेंद्र मिश्रा को सौंपी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के रायगंज निवासी प्रतिमा शर्मा मोहद्दीपुर स्थित रिलायंस ट्रेंड्स में सुपरवाइजर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि दो अप्रैल 2026 को खरीददारी के दौरान उनकी मुलाकात विपिन कुमार मिश्रा उर्फ नीरज मिश्रा से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को एम्स का एचआर बताते हुए कहा कि वह 30 हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी दिला सकता है। भरोसा दिलाने के लिए उसने छह अप्रैल को प्रतिमा को एम्स गेट बुलाकर शैक्षणिक दस्तावेज ले लिए। इसके बाद 14 अप्रैल को एम्स परिसर की एक बिल्डिंग के तीसरे तल स्थित कार्यालय में बुलाकर दस्तावेज सत्यापन शुल्क के नाम पर 30 हजार रुपये जमा करा लिए। इसी दौरान उसने एक अन्य व्यक्ति का परिचय एम्स के हेड के रूप में कराया।
12 अभ्यर्थियों से यूपीआई के जरिए जमा कराए रुपये
प्रतिमा के माध्यम से आरोपी ने अन्य नौकरी के इच्छुक लोगों से भी संपर्क किया। शिकायत के अनुसार प्रतिमा शर्मा, अमित तिवारी, स्नेहा शर्मा, अमित राव, हर्ष पांडेय, अंशुमान शर्मा, प्रमोद जायसवाल, अभिषेक मिश्रा, उमा शंकर शर्मा, मुख्तार अली, मंजीत शर्मा, अमन तिवारी और अनुराग ठाकुर से विभिन्न माध्यमों से कुल 3.09 लाख रुपये लिए गए। इनमें से 2.72 लाख रुपये यूपीआई के जरिए जमा कराए गए। आरोपी ने पहले एक मई और बाद में 22 मई 2026 को ज्वाइनिंग कराने का आश्वासन दिया। 22 मई को उसने व्हाट्सएप पर फर्जी नियुक्ति पत्र भेजे। इनमें कई अभ्यर्थियों को प्रशासन, रिसेप्शनिस्ट, एडमिन, ऑपरेशन और सीनियर एडमिन पद पर नियुक्त दिखाया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
लंबा समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर प्रतिमा शर्मा ने रुपये वापस मांगे। आरोप है कि इस पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया और पुलिस के पास जाने पर पूरे परिवार को जान से मरवाने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने जांच की तो आरोपी का फेसबुक अकाउंट विपिन कुमार मिश्रा और नीरज कुमार मिश्रा दोनों नामों से मिला। उन्होंने आरोपी और उसकी पत्नी के मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। एम्स थाना प्रभारी महेंद्र पांडेय के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता ने 3.09 लाख रुपये की रिकवरी और मामले की विशेष जांच टीम से जांच कराने की मांग की है। पुलिस बैंक लेन-देन और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









