हाईटेक बनेगा गोरखपुर कैंट स्टेशन: 33.50 करोड़ से बदलेगा स्वरूप, आधुनिक सुविधाओं के साथ बनेगा नया एंट्री गेट

गोरखपुर|1 घंटा पहले
33.50 करोड़ से बदलेगा स्वरूप, आधुनिक सुविधाओं के साथ बनेगा नया एंट्री गेट

पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख स्टेशनों में शामिल गोरखपुर कैंट रेलवे स्टेशन को जल्द ही आधुनिक और यात्री सुविधाओं से युक्त नया स्वरूप मिलने जा रहा है। रेलवे बोर्ड ने स्टेशन के व्यापक विकास से जुड़ी महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दे दी है। इसके तहत स्टेशन के दक्षिणी हिस्से में नया सेकंड एंट्री और एग्जिट गेट बनाया जाएगा। इससे यात्रियों को रेलवे क्रॉसिंग पर रुकने और जाम जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। परियोजना पर लगभग 33.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस विकास कार्य के बाद कैंट स्टेशन की पहचान एक आधुनिक और सुविधाजनक स्टेशन के रूप में होगी।

रेलवे की योजना के अनुसार कैंट स्टेशन के दक्षिणी छोर पर नया सेकंड एंट्री गेट विकसित किया जाएगा। इसके लिए करीब 7,790 वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध हो चुकी है। परियोजना के तहत मौजूदा बाउंड्री वॉल को हटाकर नई सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद नए स्टेशन भवन, अतिरिक्त प्लेटफॉर्म सुविधाओं और यात्री सेवाओं से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्य शुरू होंगे। रेलवे का उद्देश्य स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाना है।

वेटिंग एरिया सहित मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

नई योजना के तहत एंट्री गेट से स्टेशन परिसर तक लगभग 700 मीटर लंबी संपर्क सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रियों के लिए आधुनिक वेटिंग एरिया, बैठने की समुचित व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कैंट स्टेशन को गोरखपुर जंक्शन के एक छोटे लेकिन अत्याधुनिक मॉडल के रूप में विकसित करने की तैयारी है। यात्रियों को बेहतर यात्रा का अनुभव मिलेगा।

रेलवे क्रॉसिंग की समस्या से मिलेगी राहत

वर्तमान में रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण कई यात्रियों को स्टेशन पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ता है। कई बार जाम और क्रॉसिंग बंद होने की वजह से ट्रेन छूटने की आशंका भी बनी रहती है। नया प्रवेश द्वार बनने के बाद यात्रियों को इन समस्याओं से राहत मिलेगी। वे बिना किसी बाधा के सीधे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। साथ ही ट्रेन किसी भी प्लेटफॉर्म पर आए, यात्री नए मार्ग से आसानी से स्टेशन के भीतर प्रवेश और बाहर निकल सकेंगे।

जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सुमित कुमार ने बताया कि रेलवे बोर्ड से सेकंड एंट्री गेट परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है। स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, सड़क और अन्य यात्री सुविधाओं के निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद गोरखपुर कैंट स्टेशन पर यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक यात्रा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।