गोरखपुर में पिस्टल साफ करते युवक को लगी गोली: ऑन द स्पॉट डेथ, CCTV से जांच कर रही पुलिस

गोरखपुर|24 अप्रैल 2026
ऑन द स्पॉट डेथ, CCTV से जांच कर रही पुलिस

गोरखपुर से शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया। गोरखपुर क्लब के संचालक अतुल श्रीवास्तव के बेटे अमरीश श्रीवास्तव (40) ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना कुस्मी स्थित उनके फार्महाउस की है। सुबह करीब 10:15 बजे गोली चलने की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने दौड़कर देखा तो अमरीश खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे। उनके हाथ में पिस्टल थी। गोली उनके चेहरे पर लगी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अमरीश श्रीवास्तव सुबह करीब 10 बजे अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से कुस्मी फार्महाउस पहुंचे थे। वहां पहुंचने के बाद वह मोबाइल पर किसी से बात करते हुए ऊपर की मंजिल पर गए। कुछ ही देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनते ही फार्महाउस के कर्मचारी ऊपर की ओर दौड़े। जब वे कमरे में पहुंचे तो अमरीश की मौत हो चुकी थी। पूरा कमरा खून से सना हुआ था। घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को कुछ समझने का मौका नहीं मिला। कर्मचारी सदमे में आ गए।

मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी डॉ. कौष्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटिल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है।

ठेकेदारी और टेंट हाउस का कारोबार

अमरीश श्रीवास्तव शहर के जाने-माने कारोबारी परिवार से थे। उनका घर पार्क रोड पर स्थित है। वह टेंट हाउस और ठेकेदारी का काम करते थे। उनकी कंपनी “एके टेंट हाउस” बड़े आयोजनों में सेवाएं देती थी। शहर के कई बड़े कार्यक्रमों में उनकी कंपनी का शामियाना लगाया जाता था। कुस्मी में उनका तीन मंजिला फार्महाउस है। इसी फार्महाउस की ऊपरी मंजिल पर यह घटना हुई।

सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय थे

अमरीश हाल ही में श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा के महामंत्री चुने गए थे। वह सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। कुछ दिन पहले ही नव निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ था। इस कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए थे। अमरीश की पहचान एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी थी।

परिवार में मचा कोहराम

अमरीश के परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं। उनके बेटों की उम्र करीब आठ और 10 साल बताई जा रही है। उनके पिता अतुल श्रीवास्तव भी शहर के प्रतिष्ठित व्यक्ति हैं। वह श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा के अध्यक्ष रह चुके हैं। छोटा भाई रानू भी बिजनेस से जुड़ा हुआ है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस ने कहा- पिस्टल साफ करते वक्त लगी गोली

एसपी सिटी निमिष पाटिल के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे अम्बरीश श्रीवास्तव अपने गोदाम पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह छत पर पिस्टल साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनकर मौके पर मौजूद स्टाफ तुरंत ऊपर पहुंचा। वहां देखा गया कि अम्बरीश को गोली लग चुकी थी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। साथ ही साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में अम्बरीश अपने निजी वाहन से गोदाम आते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वह छत पर जाते भी नजर आए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।