गोरखपुर में सीएम ने ग्रीन सिटी रोड का किया लोकार्पण: बोले- सांसद जी ने आज भाषण नहीं दिया, लोगों को आने-जाने में मिलेगी सुविधा

शहर में ग्रीन सिटी से माधोपुर बंधा तक नई सड़क शुरू होने के साथ इलाके की कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक बनी सड़क का लोकार्पण किया। करीब 1.80 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 69.58 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। लोकार्पण के बाद मार्ग को आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सांसद रवि किशन को लेकर चुटकी भी ली और मौजूद लोगों से सांसद की फिल्म और कालीबाड़ी बाबा की फिल्म देखने को लेकर सवाल किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से कहा कि आज सांसद रवि किशन ने भाषण क्यों नहीं दिया? उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि लगता है सांसद ने ज्यादा लोगों को भोज दे दिया है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने लोगों से पूछा कि कितने लोगों ने सांसद की फिल्म देखी है और कितने लोगों ने कालीबाड़ी बाबा की फिल्म देखी है। दोनों सवालों पर लोगों ने हाथ उठाकर प्रतिक्रिया दी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बराबरी है। कालीबाड़ी के महंत रविंद्र दास को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का करीबी माना जाता है। वह लंबे समय से गोरखनाथ मंदिर से जुड़े हुए हैं और मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में भी अक्सर नजर आते हैं।
ग्रीन सिटी से माधोपुर तक आसान होगा आवागमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीन सिटी कॉलोनी से पदोनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक बनी सड़क से क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। करीब दो किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर करीब 70 करोड़ रुपये की लागत बताई गई। उन्होंने कहा कि इलाके में लंबे समय से लोग रह रहे हैं, लेकिन सड़क संकरी होने के कारण आवागमन में परेशानी होती थी। स्थिति यह थी कि इस मार्ग पर बस और ट्रक तक नहीं आ पाते थे। क्षेत्र में सरस्वती और आरपीएम एकेडमी समेत कई स्कूल भी स्थित हैं।
सोनौली और लखनऊ जाने वालों को मिलेगा नया कनेक्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने यहां जमीनें ली हैं, इसलिए सड़क का महत्व और बढ़ जाता है। अब सोनौली, महाराजगंज या बलरामपुर की ओर जाने वाले लोगों को शहर के भीतर से होकर गुजरने की जरूरत कम होगी। राजघाट पुल के पास ट्रांसपोर्ट नगर से माधोपुर तक फोरलेन सड़क का काम भी चल रहा है। डोमिनगढ़ में फ्लाईओवर प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद लखनऊ जाने वालों को ट्रांसपोर्ट नगर होकर जाने की जरूरत नहीं होगी और वे इसी क्षेत्र से फोरलेन बाईपास पकड़कर आगे जा सकेंगे। इसी तरह सोनौली की ओर भी आवागमन आसान होगा।
फूल बरसाकर सीएम का किया स्वागत
जनसभा को संबोधित करने से पहले मुख्यमंत्री ने गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग पर ग्रीन सिटी मोड़ के पास नवनिर्मित सड़क का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लोकार्पण किया। उन्होंने फीता काटने के साथ लोकार्पण शिलापट्ट का अनावरण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री इसी मार्ग से होते हुए निर्माण कार्य का जायजा लेकर जनसभा स्थल पहुंचे। रास्ते में करीब दर्जनभर स्थानों पर स्थानीय लोगों ने जयकारे लगाए और फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
शहर की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था होगी बेहतर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले इस इलाके में सड़क काफी संकरी थी और जलभराव की समस्या भी रहती थी। विकास की विभिन्न परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। कार्यक्रम में सांसद, विधायक और महापौर समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।










