गोरखपुर में डामर की बढ़ती कीमतों से थमी रामगढ़ताल रिंगरोड: केवल 55 फीसदी ही हो सका काम, अब अक्टूबर तक पूरी होगी यह सड़क

गोरखपुर|
केवल 55 फीसदी ही हो सका काम, अब अक्टूबर तक पूरी होगी यह सड़क

स्मार्टव्हील शोरूम से सहारा एस्टेट तक प्रस्तावित रामगढ़ताल रिंग रोड का निर्माण तय समयसीमा में पूरा नहीं हो सका। 26.64 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 4.2 किलोमीटर लंबी डबल लेन सड़क का काम मई तक पूरा किया जाना था, लेकिन निर्माण अब भी अधूरा है। परियोजना की समयसीमा बढ़ाकर अक्टूबर कर दी गई है। फिलहाल सड़क की भौतिक प्रगति करीब 55 प्रतिशत बताई जा रही है। निर्माण एजेंसी ने डामर यानी बिटुमिन की कीमत बढ़ने के कारण जीडीए से मूल्य समायोजन की मांग की है, जिससे सड़क की ऊपरी परत का काम प्रभावित हुआ है।

पश्चिमी एशिया में तनाव और युद्ध के कारण बिटुमिन की कीमत बढ़ने को देखते हुए सरकार ने सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाले डामर के मूल्य समायोजन की अवधि 30 सितंबर तक बढ़ाई है। इस समायोजन से सरकार पर प्रति टन करीब 2,600 रुपये का अतिरिक्त भार आ रहा है। इसी वजह से सड़क पर डीबीएम और बीसी परत बिछाने का काम आगे नहीं बढ़ सका। 4,200 मीटर लंबी सड़क के लिए मिट्टी भराई, जीएसबी और डब्ल्यूएमएम का काम करीब 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है, लेकिन फुटपाथ, कलवर्ट और डामर की ऊपरी परत का काम पीछे है।

84 सजावटी पोल लगे

परियोजना के तहत बनाए जाने वाले सात कलवर्ट में अभी दो ही पूरे हो सके हैं। सड़क किनारे लगाए जाने वाले 180 सजावटी पोल में से 84 लगाए गए हैं। जमीन के मुआवजे को लेकर भू-स्वामियों के विरोध के कारण भी कई बार निर्माण प्रभावित हुआ। फरवरी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परियोजना का निरीक्षण कर मई तक काम पूरा करने के निर्देश दिए थे।

रिटेनिंग वाल का काम भी धीमा

रिंग रोड से जुड़ी 13.36 करोड़ रुपये की रिटेनिंग वाल, ड्रेन, एयरवाल्व, चैंबर और मैनहोल परियोजना भी अधूरी है। 3,700 मीटर रिटेनिंग वाल के मुकाबले अब तक 550 मीटर ही बन सकी है। पांच एयरवाल्व चैंबर तैयार हैं। वहीं, 51 मैनहोल में से 30 का काम बाकी है। सीवर लाइन और राइजिंग मेन के लिकेज रिपेयर के दो काम पूरे हो चुके हैं और एक पर काम जारी है। यह काम 16 फरवरी को शुरू हुआ था और नवंबर 2026 में पूरा होना है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।