गोरखपुर में भोजपुरी गाने पर डांस से किया इनकार: दबंगों ने दो डांसरों से की मारपीट, जान से मारने की दी धमकी

शाहपुर थाना क्षेत्र में ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाली पंजाब की दो डांसरों से अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। मोहाली निवासी 27 वर्षीय युवती की तहरीर पर पुलिस ने शाहपुर निवासी अरविंद कुमार आनंद, शिवेंद्र समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। तीसरे आरोपी की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पीड़िता के मुताबिक, वह अपनी सहेली के साथ 24 अप्रैल को पादरी बाजार के एक लॉन में आयोजित कार्यक्रम में इवेंट डांसर के तौर पर गई थी। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान अरविंद कुमार आनंद ने दोनों के साथ अभद्रता की और भोजपुरी गाने पर जबरन डांस करने के लिए दबाव बनाया। युवती ने इसका विरोध किया।
सामान लेने पहुंचीं तो फिर हुआ विवाद
तहरीर के अनुसार, 27 अप्रैल को दोनों युवतियां अपना सामान लेने पादरी बाजार क्षेत्र में एक व्यक्ति के घर पहुंचीं। वहां शिवेंद्र और एक अन्य युवक पहले से मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने युवतियों से अभद्रता की। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि वहां से निकलने की कोशिश के दौरान दोनों युवकों ने उसके और उसकी सहेली के कपड़े फाड़ दिए। दोनों किसी तरह वहां से निकल सकीं। तहरीर में घटना के बाद फोन पर जान से मरवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।











