गोरखपुर मंडल को मिला नया कमिश्नर: इंद्र विक्रम सिंह संभालेंगे जिम्मेदारी, अनिल ढींगरा बने आवास आयुक्त

प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए गोरखपुर मंडल के कमिश्नर अनिल ढींगरा का तबादला कर दिया है। उन्हें उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद का आवास आयुक्त, नगर भूमि सीमारोपण का निदेशक तथा आवास एवं शहरी नियोजन विभाग में सचिव बनाया गया है। उनकी जगह कृषि एवं कृषि विपणन विभाग के सचिव इंद्र विक्रम सिंह को गोरखपुर का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, जीडीए सचिव पुष्पराज सिंह का भी तबादला नोएडा एसीईओ के पद पर किया गया है।
2008 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल ढींगरा ने नौ जुलाई 2023 को गोरखपुर मंडल के कमिश्नर का कार्यभार संभाला था। अपने कार्यकाल में वह विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा, स्थलीय निरीक्षण और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर सक्रिय रहे। लंबे समय बाद उन्हें गीडा बोर्ड के अध्यक्ष की भी जिम्मेदारी मिली। उनके कार्यकाल में जीडीए की पुनरीक्षित महायोजना-2031 लागू हुई। तीन वर्ष से अधिक का कार्यकाल पूरा होने के बाद उनका स्थानांतरण किया गया है।
पहली बार बनेंगे मंडलायुक्त
नए मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह इससे पहले कृषि एवं कृषि विपणन विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे। वह प्रदेश के कई जिलों में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। हालांकि, मंडलायुक्त के रूप में यह उनकी पहली नियुक्ति होगी। प्रशासनिक हलकों में उम्मीद जताई जा रही है कि वह जल्द ही गोरखपुर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करेंगे।
जीडीए सचिव का भी हुआ तबादला
गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव पुष्पराज सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) बनाया गया है। उन्होंने 13 मई 2025 को जीडीए सचिव का कार्यभार संभाला था और 30 जून 2026 को आईएएस में प्रोन्नत हुए थे। लंबे समय तक उत्तर प्रदेश पीसीएस एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे पुष्पराज सिंह के प्रमोशन के बाद से ही उनके तबादले की चर्चा चल रही थी। फिलहाल जीडीए सचिव के पद पर किसी नई नियुक्ति की घोषणा नहीं की गई है।











