गोरखपुर में अप्रैल में ही भीषण गर्मी: पारा 41°C के पार, लू और उमस से लोग बेहाल

गोरखपुर में गर्मी ने अप्रैल में ही अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन की शुरुआत के साथ ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा। सुबह के समय ही लोगों को लू जैसी गर्मी महसूस होने लगी। उमस के कारण हालात और खराब हो गए। बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। सड़कों पर भीड़ कम दिख रही है। लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। दिन चढ़ने के साथ धूप और तेज होगी। इससे तापमान और बढ़ सकता है। तेज गर्म हवाएं भी चलेंगी। इनकी रफ्तार 40 से 45 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।
धूल भरी हवाएं लोगों के लिए परेशानी बढ़ा रही हैं। आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत की शिकायतें भी बढ़ रही हैं।
लगातार कई दिनों से 40 पार तापमान
शहर में गर्मी का असर पिछले कई दिनों से बना हुआ है। लगातार तीसरे दिन तापमान 41 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। पांच दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री रहा। तेज धूप और गर्म पश्चिमी हवाओं के कारण दिन में बाहर निकलते ही लोगों का गला सूखने लगता है। शरीर में कमजोरी और बेचैनी महसूस हो रही है।
हीट वेव का असर
हीट वेव जैसी स्थिति बन गई है। लोग दिन के समय घरों में रहना ही सुरक्षित समझ रहे हैं। जो लोग बाहर निकल रहे हैं वे भी थकान और घबराहट महसूस कर रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों पर इसका ज्यादा असर दिख रहा है। चेहरों पर गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। कई लोग चक्कर और सिरदर्द की शिकायत कर रहे हैं। डॉक्टर भी सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
27-28 अप्रैल को मिल सकती है राहत
मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडेय के अनुसार अभी तीन दिन तक गर्मी का यही हाल रहेगा। इसके बाद धीरे-धीरे मौसम बदल सकता है। 27 और 28 अप्रैल को हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है। हवाओं की रफ्तार भी कम होगी। फिलहाल जो हवा 20-30 किमी प्रति घंटे चल रही है, वह घटकर 10-15 किमी प्रति घंटे तक आ सकती है। इससे लू का असर थोड़ा कम होगा।
लापरवाही पड़ सकती है भारी
विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम में सतर्क रहना जरूरी है। ज्यादा देर तक धूप में न रहें। पानी ज्यादा पिएं। हल्के और ढीले कपड़े पहनें। दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










