गोरखपुर में गैंग रेप पीड़िता और उसके बहन का अपहरण: पीड़िता की मां बोली पास में रहने वाली महिलाएं अपने साथ ले गईं, आरोपी केस में समझौता करने के लिए बना रहे थे दबाव

शहर के चर्चित होटल-हुक्का बार गैंग रेप कांड में अब एक नया मोड़ सामने आया है। आरोपियों ने घटना की मुख्य गवाह पीड़िता का किडनैप कर लिया है। वे उसकी छोटी बहन को भी अपने साथ ले गए हैं। वादिनी की मां का आरोप है कि केस में समझौता करने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा था। बात न मानने पर यह वारदात हुई है। रामगढ़ताल थाना पुलिस ने बुधवार को मामले का संज्ञान लेते हुए अज्ञात लड़कियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया।
कुछ समय पहले ही पड़ोस में लिया था मकान
वादिनी की मां ने तहरीर में लिखा है कि कुछ समय से तीन-चार महिलाएं उनके घर के पास किराए पर रह रही थीं। उन्होंने धीरे-धीरे बेटी से मेलजोल बढ़ाया और घर पर आना-जाना शुरू कर दिया। करीब तीन दिन पहले वही लड़कियां उनकी दोनों बेटियों को अपने साथ ले गईं, जिसके बाद से दोनों का कोई पता नहीं चल रहा है। काफी तलाश के बावजूद दोनों लड़कियों का कोई सुराग नहीं मिला। इस महीने मुकदमे की सुनवाई होने वाली है। आशंका है कि पीड़िता गवाही न दें, इसलिए आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से अपने सहयोगी लड़कियों को पड़ोस में किराए पर कमरे पर रखवाया। इससे पहले मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही होटल और हुक्का बार के संचालक समझौता करने का दबाव बना रहे थे, लेकिन पीड़िता तैयार नहीं हुई।
पिछले साल छापेमारी में हुआ था खुलासा
जनवरी 2025 में शाहपुर के हुक्का बार पर छापा मारकर पुलिस ने कई युवक और युवतियों को पकड़ा था। उसी समय यहां बच्चियों के साथ रेप की घटना सामने आई थी और बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ था। गैंग रेप, सेक्स रैकेट और पोक्सो एक्ट की पुष्टि होने के बाद 18 से अधिक लोगों को जेल भेजकर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। घटना के संबंध में एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि मोबाइल फोन लोकेशन, सर्विलांस और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। इसके अलावा, जो आरोपी पहले जमानत पर छूटे हैं, उनके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










