गोरखपुर में गैस संकट पर फूटा गुस्सा: सिलिंडर रखकर हाईवे जाम, आधे घंटे ठप रहा यातायात

गोरखपुर|17 अप्रैल 2026
सिलिंडर रखकर हाईवे जाम, आधे घंटे ठप रहा यातायात

गोरखपुर जिले में बृहस्पतिवार को रसोई गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। कौड़ीराम कस्बे में गैस एजेंसी पर सुबह से लाइन में लगे लोगों को जब सिलिंडर नहीं मिला, तो उन्होंने खाली सिलिंडर सड़क पर रखकर गोरखपुर-वाराणसी हाईवे जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले इस जाम से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार, कस्बे की प्रमिला इंडेन गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ता सिलिंडर लेने के लिए कतार में खड़े थे। तेज धूप और गर्मी के बावजूद लोग घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन करीब 11 बजे तक गैस वितरण शुरू नहीं हुआ। इससे नाराज उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

हाईवे पर सिलिंडर रखकर किया जाम

गुस्साए लोगों ने कौड़ीराम की मीट मंडी के सामने गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर खाली सिलिंडर रखकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर लंबी कतार लग गई। गोला, बड़हलगंज, बांसगांव और गोरखपुर की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। गर्मी में फंसे यात्री काफी परेशान नजर आए।

कालाबाजारी और होम डिलीवरी बंद करने का आरोप

प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी की जा रही है और इन्हें अधिक दामों पर होटल, ढाबों और ठेला संचालकों को बेचा जा रहा है। साथ ही एजेंसी पर होम डिलीवरी सेवा पूरी तरह बंद करने का भी आरोप लगाया गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, आधे घंटे बाद खुला जाम

जाम की सूचना मिलते ही कौड़ीराम चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद करीब 30 मिनट में जाम खुलवाया जा सका और यातायात सामान्य हुआ।

प्रशासन का दावा- गैस की कमी नहीं

इस मामले में बांसगांव के एसडीएम प्रदीप सिंह ने कहा कि तहसील क्षेत्र में गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है। संभव है कि संबंधित एजेंसी पर आपूर्ति नहीं पहुंची हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि शुक्रवार को बुकिंग के आधार पर गैस का वितरण कराया जाएगा।

एजेंसी संचालक से नहीं हो सका संपर्क

वहीं, प्रमिला इंडेन गैस एजेंसी के मालिक राम नरेश और कार्यालय प्रभारी हरिश्चंद्र से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।