गोरखपुर को मिला नया टूरिस्ट स्पॉट: कल सीएम योगी करेंगे चिलुआताल का लोकार्पण, बोटिंग से लेकर खानपान तक की सुविधाएं

गोरखपुर|01 जून 2026
कल सीएम योगी करेंगे चिलुआताल का लोकार्पण, बोटिंग से लेकर खानपान तक की सुविधाएं

गोरक्षनगरी को पर्यटन और मनोरंजन के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। शहर के उत्तरी छोर पर स्थित चिलुआताल अब आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होकर तैयार हो चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो जून को 20.39 करोड़ रुपये की लागत से विकसित चिलुआताल पर्यटन विकास एवं सुंदरीकरण परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही चिलुआताल गोरखपुर का दूसरा प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट बन जाएगा। जहां लोग प्राकृतिक सौंदर्य के बीच सैर, बोटिंग और मनोरंजन का आनंद उठा सकेंगे।

अब तक रामगढ़ताल गोरखपुर के पर्यटन का सबसे बड़ा आकर्षण केंद्र रहा है। चिलुआताल के विकसित होने के बाद शहर के उत्तरी हिस्से को भी एक आधुनिक पर्यटन स्थल मिल गया है। पर्यटन विभाग ने चिलुआताल को परिवारों, युवाओं और पर्यटकों के लिए आकर्षक डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया है। यहां आने वाले लोग न केवल प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकेंगे, बल्कि बोटिंग जैसी सुविधाओं का भी लाभ उठा सकेंगे। पर्यटन विभाग के उपनिदेशक राजेंद्र प्रसाद यादव के अनुसार, परियोजना के तहत ताल क्षेत्र का व्यापक सुंदरीकरण कर इसे पर्यटन मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है।

मनोरंजन और मॉर्निंग वॉक की बेहतर व्यवस्था

परियोजना के तहत चिलुआताल परिसर में पर्यटकों की सुविधा के लिए विभिन्न आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। यहां सात व्यावसायिक दुकानें बनाई गई हैं। जहां खानपान और स्थानीय व्यंजनों का आनंद लिया जा सकेगा। इसके अलावा पर्यटकों के बैठने के लिए बेंच, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षित भ्रमण के लिए पाथवे तैयार किए गए हैं। सुबह और शाम के समय स्थानीय लोग यहां टहलने के लिए पहुंचने लगे हैं। जिससे यह क्षेत्र धीरे-धीरे शहर के प्रमुख मनोरंजन स्थलों में शामिल होता दिखाई दे रहा है।

करोड़ों की लागत से विकसित हुई आधुनिक आधारभूत संरचना

यूपी प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा क्रियान्वित इस परियोजना के तहत 570 मीटर लंबा पाथवे, घाट की सीढ़ियां, ताल किनारे रेलिंग, सोलर लाइटिंग सिस्टम, इंटरलॉकिंग सड़कें, सीसी रोड, 400 मीटर लंबी एप्रोच रोड, 500 मीटर साइड वॉल और नाली निर्माण कराया गया है। इसके अलावा प्रवेश द्वार का सुपर स्ट्रक्चर, स्टोन पिचिंग, कैरेट बोल्डर सुरक्षा कार्य, टॉयलेट ब्लॉक और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। अधिकारियों का मानना है कि चिलुआताल का विकास न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।